अन्य
जेपी नड्डा और किरेन रिजिजू पर विशेषाधिकार के हनन का कोई मामला नहीं बनता : भाजपा सांसद
jantaserishta.com
25 March 2025 8:14 AM IST

x
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के खिलाफ विशेषाधिकार हनन मामले को लेकर भाजपा सांसदों ने सोमवार को बात की। उन्होंने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर संविधान के अनुरूप कार्य नहीं करने का आरोप लगाया।
दरअसल, राज्यसभा सांसद एवं कांग्रेस के दिग्गज नेता जयराम रमेश ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा एवं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है। अब इस पर राजनीतिक प्रतिक्रिया आनी शुरू हो गई है।
भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, "इसमें विशेषाधिकार हनन की कोई बात नहीं है। अगर सदन की किसी बात पर सदन में ही उसका समर्थन या खंडन किया जाए और अगर वो गलत हो तो विशेषाधिकार हनन का मामला होता है। लेकिन अगर सदन के बाहर की बात पर किसी ने सदन में कुछ कहा है तो वो विशेषाधिकार का मामला नहीं है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पहले अपने कांग्रेस के नेताओं और अपने उपमुख्यमंत्री पर नियंत्रण रखना चाहिए, इसके बाद विशेषाधिकार की बात करनी चाहिए।"
पूरे मामले को लेकर भाजपा सांसद पीपी चौधरी ने कहा, "यह विशेषाधिकार का मामला नहीं बनता है। जेपी नड्डा ने साफ-साफ कहा है कि कर्नाटक की सरकार ने धर्म के आधार पर जो आरक्षण दिया है, वो भारत के संविधान के आधार पर सही नहीं है और संविधान की मंशा के अनुरूप नहीं है। कर्नाटक की कांग्रेस सरकार संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रही है।"
उन्होंने आगे कहा, हमारे नेता जेपी नड्डा और किरेन रिजिजू ने जो बयान दिया है, वो बिल्कुल सही है और तथ्यों पर आधारित है।
बता दें कि कांग्रेस से राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने सोमवार को जेपी नड्डा एवं किरेन रिजिजू के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया। इसमें कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के कथित बयानों को लेकर सदन को गुमराह करने का आरोप लगाया गया है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





