अन्य
सांसद रवि किशन ने लोकसभा में की गोरखपुर में आईआईटी खोलने की मांग
jantaserishta.com
19 March 2025 8:42 AM IST

x
गोरखपुर: गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ला ने लोकसभा में गोरखपुर में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) की स्थापना की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि गोरखपुर पूर्वांचल का सबसे बड़ा महानगर है और यह शिक्षा, व्यापार व पर्यटन का प्रमुख केंद्र है। पूर्वांचल और बिहार के लगभग 20 जिले अपनी विभिन्न आवश्यकताओं के लिए गोरखपुर पर निर्भर हैं।
शुक्ला ने बताया कि गोरखपुर का रेलवे नेटवर्क और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा इस क्षेत्र की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाते हैं, फिर भी यहां के मेधावी छात्र आईआईटी जैसी उच्च शिक्षा के लिए अन्य राज्यों में जाने को मजबूर हैं।
रवि किशन शुक्ला ने इस मुद्दे को लोकसभा में उठाते हुए कहा कि गोरखपुर का विकास अब और अधिक तेजी से होना चाहिए। गोरखपुर में आईआईटी की स्थापना से इस क्षेत्र के छात्रों को उच्च स्तरीय तकनीकी शिक्षा का अवसर मिलेगा और यह पूर्वांचल व बिहार के छात्रों के लिए भी एक स्वर्णिम अवसर होगा।
उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर, दलित और वंचित वर्ग के छात्रों के लिए आईआईटी जैसी उच्च शिक्षा प्राप्त करना मुश्किल होता है, क्योंकि उन्हें अच्छे संसाधनों के लिए दूरदराज के स्थानों पर जाना पड़ता है।
सांसद शुक्ला ने केंद्र सरकार से अनुरोध किया कि गोरखपुर में आईआईटी की स्थापना को लेकर शीघ्र निर्णय लिया जाए और ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि राज्य सरकार इस पहल के लिए हर आवश्यक सहयोग देने के लिए तत्पर है और गोरखपुर में आईआईटी की स्थापना से क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी। छात्रों के लिए नए अवसर भी पैदा होंगे।
इसके साथ ही, रवि किशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में किए गए अभूतपूर्व विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में अभूतपूर्व विकास हुआ है। यह क्षेत्र लगातार समृद्ध हो रहा है और हम सभी को विश्वास है कि गोरखपुर को और अधिक संसाधन मिलेंगे।"
बता दें कि गोरखपुर में आईआईटी की स्थापना का प्रस्ताव एक ऐसे समय में आया है, जब इस क्षेत्र में शिक्षा और रोजगार के अवसरों में तेजी से वृद्धि हो रही है। अगर यह संस्थान गोरखपुर में स्थापित होता है, तो यह न केवल गोरखपुर के छात्रों के लिए, बल्कि पूरे पूर्वांचल के छात्रों के लिए तकनीकी शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन जाएगा। यह क्षेत्र के विकास के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा और यहां के छात्रों को उच्च शिक्षा में उत्कृष्टता प्राप्त करने का मौका मिलेगा।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





