अन्य
केजरीवाल के पापों का घड़ा भर चुका, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करे दिल्ली पुलिस : संजय निरुपम
jantaserishta.com
14 March 2025 8:19 AM IST

x
मुंबई: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर दिल्ली कोर्ट द्वारा एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिए जाने को शिवसेना नेता संजय निरुपम ने सही ठहराया है।
दरअसल, अरविंद केजरीवाल को बड़ा झटका देते हुए राउज एवेन्यू कोर्ट ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की अनुमति दी है। अदालत ने 2019 में दायर एक याचिका पर सुनवाई करते हुए याचिका स्वीकार कर ली और पुलिस को 18 मार्च तक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया।
अदालत में 2019 में दायर शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पार्टी के पूर्व विधायक गुलाब सिंह और द्वारका की पूर्व पार्षद नितिका शर्मा ने दिल्ली में जगह-जगह बड़े-बड़े होर्डिंग लगाकर जानबूझकर जनता के पैसे का दुरुपयोग किया। शिकायत में इन सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई थी।
शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कहा, "केजरीवाल ने सत्ता का जबरदस्त दुरुपयोग किया है। इसके दो उदाहरण सामने हैं, जिसमें पहला शराब घोटाला और दूसरा शीश महल घोटाला है। इसके अलावा, उन्होंने अपने प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग लगाने में अपने सरकारी पैसे का दुरुपयोग किया, यह भी अपने-आप में बहुत बड़ा आरोप है। अगर कोर्ट ने उनके ऊपर एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया है तो दिल्ली पुलिस को उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करके कार्रवाई करनी चाहिए। केजरीवाल के पापों का घड़ा अब भर चुका है।"
निरुपम के अलावा भाजपा विधायक अतुल भातखलकर ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा, "केजरीवाल ने अपने 10 साल के कार्यकाल में सिर्फ जुमलेबाजी की है। यह तो केवल एक मामला सामने आया है, लेकिन अभी कई और खुलासे होने बाकी हैं। पंद्रह-पंद्रह कैग रिपोर्ट, जो विधानसभा में पेश की जानी चाहिए थी, वे पेश नहीं की गईं। इससे स्पष्ट होता है कि सरकार पारदर्शिता से दूर रही है। मुझे लगता है कि आने वाले दिनों में केजरीवाल के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़े और भी मामले दर्ज होंगे, जिससे उनकी सरकार की सच्चाई सामने आएगी।"
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





