अन्य

कर्नाटक पुलिस ने जेल में बंद कन्नड़ स्टार दर्शन पर दर्ज की 3 एफआईआर

jantaserishta.com
27 Aug 2024 8:38 AM IST
कर्नाटक पुलिस ने जेल में बंद कन्नड़ स्टार दर्शन पर दर्ज की 3 एफआईआर
x
बेंगलुरु: कर्नाटक पुलिस ने सोमवार को जेल में बंद कन्नड़ स्टार दर्शन के खिलाफ तीन एफआईआर दर्ज की है। दर्शन अपहरण और हत्या के मामले में आरोपी हैं। कर्नाटक पुलिस ने बेंगलुरु सेंट्रल जेल में उसे स्पेशल ट्रीटमेंट दिए जाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।
इस मामले में कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने सोमवार दोपहर बेंगलुरु में सेंट्रल जेल का दौरा करने के बाद कहा कि जेल विभाग की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन एफआईआर दर्ज की है।
एचएम परमेश्वर ने कहा, "यह जेल विभाग की नियमावली और जेल अधिनियम का उल्लंघन है। मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस बात की जांच की जाएगी कि दर्शन और अन्य लोगों को कुर्सियां ​​किसने मुहैया कराईं, कॉफी कौन लेकर आया।"
जेल की डीजी मालिनी कृष्णमूर्ति ने बताया कि दर्शन पर एक एफआईआर जेल परिसर के अंदर मोबाइल के इस्तेमाल को लेकर दर्ज की गई है। दूसरी एफआईआर परिसर में सिगरेट पीने को लेकर दर्ज की गई है और तीसरी एफआईआर बैरक के सेल को खोलने को लेकर है। इसमें जेल अधिकारियों और तस्वीर में दिख रहे लोगों के भी नाम हैं।
वहीं इस मामले में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने प्रशासन को सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया है। सीएम ने कहा कि हम न तो दर्शन के पक्ष में हैं और न ही उसके खिलाफ।
सिद्धारमैया ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "सरकार ने परप्पना अग्रहारा जेल (बैंगलोर सेंट्रल जेल) में अभिनेता दर्शन के साथ अन्य को स्पेशल ट्रीटमेंट देने के मामले को गंभीरता से लिया है और मैंने सुझाव दिया है कि दोषी अधिकारियों को तुरंत निलंबित किया जाए। मैंने राज्य के पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिया है कि वे दर्शन और अन्य को तुरंत अलग-अलग जेलों में स्थानांतरित करें और जेल का दौरा करें और मामले की पूरी रिपोर्ट दें।"
उन्होंने अगले पोस्ट में लिखा, "हम न तो दर्शन के पक्ष में हैं और न ही उसके खिलाफ। जेल के अंदर दर्शन और अन्य लोगों को शाही आतिथ्य देने की घटना में संबंधित अधिकारियों की ओर से कर्तव्यहीनता है। अब तक 7 लोगों को निलंबित किया जा चुका है, जांच भी की जाएगी और अगर मामले में वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं तो उन्हें भी निलंबित किया जाएगा।"
बता दें कि दर्शन बेंगलुरु के परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल में बंद है। एक दिन पहले उसकी फोटो और वीडियो वायरल हुई थी जिसमें वह कुर्सी पर बैठकर सिगरेट और कॉफी पीता हुआ दिखाई दे रहा था। उसके साथ तीन और लोग भी थे। रिपोर्ट के मुताबिक, उसके साथ बैठे लोगों में अपराधी विल्सन गार्डन नागा, उसका मैनेजर और सह-आरोपी नागराज और एक अन्य कैदी कुल्ला सीना शामिल था।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story