अन्य

मोदी सरकार के कार्यकाल में जम्मू-कश्मीर अभूतपूर्व उपलब्धियों का बना गवाह : पूर्णिमा शर्मा

jantaserishta.com
11 Jun 2025 8:38 AM IST
मोदी सरकार के कार्यकाल में जम्मू-कश्मीर अभूतपूर्व उपलब्धियों का बना गवाह : पूर्णिमा शर्मा
x
राजौरी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को राजौरी में एक बैठक का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार की उपलब्धियों को गिनाने के लिए आयोजित किया गया था।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा की राज्य प्रवक्ता और जम्मू की उप महापौर पूर्णिमा शर्मा उपस्थित थीं। उनके साथ जिला महासचिव महिला मोर्चा राजौरी समरीन खान और अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
इस अवसर पर जम्मू की उप महापौर पूर्णिमा शर्मा ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की, जिसमें जम्मू-कश्मीर में वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत, बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे का विकास, सीमा क्षेत्रों में बेहतर संपर्क और महिला सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। इस बैठक में विकसित भारत का संकल्प लिया गया।
इस दौरान आईएएनएस से बात करते हुए पूर्णिमा शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू-कश्मीर के लिए कड़े और ऐतिहासिक फैसले लिए हैं, जो 55 वर्ष पहले लिए जाने चाहिए थे। पहले की केंद्र और स्थानीय सरकारें वोट बैंक की राजनीति में उलझी रहीं, लेकिन मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर के विकास और एकीकरण को प्राथमिकता दी। अनुच्छेद-370 को हटाने का संकल्प डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना था, जो साकार हुआ है। वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत सीमावर्ती गांवों में 1,800 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण हुआ, जिससे आर्थिक विकास को बल मिला है। आज प्रदेश में विकास के तमाम काम हो रहे हैं। चिनाब ब्रिज जैसी परियोजनाओं ने क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत किया है। पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर में बुनियादी ढांचे के विकास को भी प्राथमिकता दी है। इसके लिए हम उनका आभार जताते हैं।
वहीं, राजौरी भाजपा महिला मोर्चा की जिला महासचिव समरीन खान ने कहा कि इन 11 वर्षों में हमने अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। पीएम मोदी के कार्यकाल के दौरान जितना विकास का काम सरकार ने किया है, उतना काम पिछली सरकारों ने नहीं किया है। पहले केवल वादे किए जाते थे। लेकिन, अब वादों को पूरा किया जाता है और विकास के काम धरातल पर देखने को मिलते हैं। आज वंदे भारत कश्मीर से कन्याकुमारी तक देश को जोड़ रही है, जो पीएम मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करती है। आयुष्मान भारत का लाभ बड़े पैमाने पर लाभार्थियों को मिल रहा है। महिला सशक्तीकरण की दिशा में तमाम बड़े काम किए गए हैं। हमारी सरकार की तमाम योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी लोगों को आगे आना होगा।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story