अन्य

चंबा में गरजे जयराम ठाकुर, कांग्रेस सरकार पर लगाए जनता की समस्याओं की अनदेखी के आरोप

jantaserishta.com
12 April 2025 8:22 AM IST
चंबा में गरजे जयराम ठाकुर, कांग्रेस सरकार पर लगाए जनता की समस्याओं की अनदेखी के आरोप
x
चंबा: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने चंबा जिले के डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के तेलका में आयोजित भाजपा के सक्रिय सदस्य सम्मेलन में प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री पर असंवेदनशील और निष्ठुर होने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में जनता की समस्याओं की अनदेखी हो रही है और सरकार केवल दिखावे की राजनीति में लगी है।
उन्होंने राज्य सचिवालय के बाहर दृष्टिबाधित दिव्यांगों पर हुए कथित लाठीचार्ज को शर्मनाक करार दिया और कहा कि कई दिनों से नौकरी की मांग को लेकर बैठे इन दिव्यांगों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। पुलिस की सख्ती के चलते एक दिव्यांग गहरी खाई में गिर गया, लेकिन मुख्यमंत्री को अब तक उसकी कुशलक्षेम पूछने की फुर्सत नहीं मिली।
जयराम ठाकुर ने कहा कि वोकेशनल टीचर्स भी कई दिनों से चौड़ा मैदान में प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार ने उन्हें भी अनदेखा किया है। उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि सचिवालय गेट पर मुख्यमंत्री से मिलने आए एक युवक को भी नजरअंदाज किया गया, जिसके चलते युवक ने नाराज होकर ऐसी प्रतिक्रिया दी जो पूरे देश ने देखी और सुनी। उन्होंने कहा कि यह घटना बताती है कि सरकार आम जनता की आवाज सुनने को तैयार नहीं है।
स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति पर रोष जताते हुए उन्होंने मेडिकल कॉलेज चंबा की अव्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हिमकेयर योजना का लाभ न मिलने के कारण एक मरीज को ऑपरेशन थिएटर से वापस भेज दिया गया और परिजनों को ऑपरेशन का सामान खुद बाजार से लाने के लिए मजबूर होना पड़ा। मजबूर बेटे को अपनी मां के ऑपरेशन के लिए सोने की बालियां गिरवी रखनी पड़ीं, जो कि बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हिमकेयर जैसी योजनाएं जनहित में शुरू की थीं, लेकिन मौजूदा सरकार उन्हें लागू करने में असफल रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार जनता से जुड़ी नीतियों को लागू करने में नाकाम रही है और केवल टैक्स वसूली में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि सरकार के कुछ करीबी लोग दोनों हाथों से सरकारी खजाना लूट रहे हैं और मुख्यमंत्री उन्हें संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भाजपा को फिर से सशक्त बनाएं क्योंकि मौजूदा कांग्रेस सरकार ने जनता का भरोसा खो दिया है। कार्यक्रम में डलहौजी के विधायक डी.एस. ठाकुर भी मौजूद रहे।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story