अन्य
नीतीश कुमार की राजनीतिक पारी को खत्म करने की जिम्मेदारी मेरी : प्रशांत किशोर
jantaserishta.com
12 April 2025 8:38 AM IST

x
पटना: जनसुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में एक विशाल रैली का आयोजन किया। हालांकि, यह रैली उतनी सफल नहीं हो पाई। रैली में लाखों लोगों की भीड़ जुटने का दावा किया गया था, लेकिन मैदान में कम संख्या में लोग पहुंचे। प्रशांत किशोर ने इसके लिए सीधे तौर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया।
प्रशांत किशोर ने कहा कि अगर हम विफल हुए हैं, तो इसके पीछे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हाथ है। सरकार ने जानबूझकर लोगों को गांधी मैदान पहुंचने से रोका। प्रशासन ने रैली में आ रही गाड़ियों को रास्ते में रोक दिया, जिससे बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके। लाखों लोग आना चाहते थे, लेकिन उन्हें रोका गया। यह प्रशांत किशोर की नाकामी नहीं है, यह सरकार की साजिश है।
उन्होंने रैली में पहुंचे लोगों से अपील की कि लालू यादव के जंगलराज की तरह नीतीश कुमार के अफसर राज को उखाड़ने का संकल्प लीजिए। उन्होंने प्रशासन पर धोखा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि हमने पिछली बार कहा था कि प्रशासन पर केस करेंगे तो आकर समझौता किया था कि हमारी क्या गलती है। आज फिर प्रशासन ने धोखा दिया है, इनको सबक सिखाएंगे।
नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि अगर वह (पीके) नहीं होते, तो नीतीश कुमार 2015 के बाद फिर से मुख्यमंत्री नहीं बन पाते। 2015 में हम मदद नहीं किए होते तो आज नीतीश कुमार कहीं संन्यास लेकर बैठे होते। आज होशियार बन रहे हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि गांव में कहा जाता है कि जो पंडित शादी करवाता है, वही श्राद्ध भी करता है। मैंने नीतीश कुमार की राजनीतिक पारी को एक बार बचाया था, अब उसका अंत करने की जिम्मेदारी भी मेरी ही होगी।
उन्होंने ऐलान किया कि 10 दिनों बाद वह पटना से पूरे राज्य की यात्रा पर निकलेंगे और जनता के बीच जाकर जनसुराज आंदोलन को और तेज करेंगे। प्रशांत किशोर ने कहा कि नवंबर में जनता नीतीश कुमार से उनके शासन का पूरा हिसाब लेगी और इसमें जनसुराज पार्टी एक प्रमुख भूमिका निभाएगी।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





