अन्य
आईपीएल 2025 : एसआरएच ने केकेआर को 110 रनों से हराया, क्लासेन ने 39 गेंदों पर बनाए नाबाद 105
jantaserishta.com
26 May 2025 8:02 AM IST

x
नई दिल्ली: आईपीएल 2025 का 68वां मुकाबला रविवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) के बीच खेला गया। हेनरिक क्लासेन की नाबाद 105 रनों की शतकीय पारी की बदौलत एसआरएच ने इस मुकाबले में 110 रनों की बड़ी जीत दर्ज की। यह आईपीएल में केकेआर की सबसे बड़ी हार है।
एसआरएच ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 278/3 का पहाड़ सा स्कोर खड़ा किया। यह आईपीएल इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। टूर्नामेंट में चार सबसे बड़े स्कोर बनाने का श्रेय इसी टीम के नाम है। उसने 2024 में 287/3 और 2025 में आरआर के खिलाफ 286/6 का स्कोर बनाया था।
जीत के लिए 279 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर 18.4 ओवर में 168 रन ही बना सकी। टीम की तरफ से विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक (9) और सुनील नारायण (31) ने पारी की शुरुआत की। अच्छी लय में दिख रहे नारायण को जयदेव उनादकट ने बोल्ड किया। तीसरे नंबर पर कप्तान अजिंक्य रहाणे (15) भी सस्ते में पवेलियन लौटे। इसके बाद क्रमश: अंगकृष रघुवंशी (14), रिंकू सिंह (9) और आंद्रे रसल जल्द ही आउट हो गए। सातवें नंबर पर मनीष पांडेय ने जरूर 37 रन बनाए लेकिन वह अपनी पारी को आगे नहीं बढ़ा पाए।
इसके बाद रमनदीप सिंह (13) और हर्षित राणा (34) ने कुछ जुझारू पारी खेली और हार का अंतर कम करने की कोशिश की। अंत में वैभव अरोड़ा बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। इस तरह पूरी टीम 18.4 ओवर में 168 रन पर आउट हो गई।
सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से जयदेव उनादकट, एशान मलिंगा और हर्ष दुबे ने तीन-तीन विकेट चटकाए।
इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद शानदार रही। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (32) और ट्रेविस हेड (76) तेजी से रन जुटाए। तीसरे नंबर पर हेनरी क्लासेन ने मात्र 39 गेंदों पर नाबाद 105 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 269.23 की स्ट्राइक रेट से रन बनाते हुए सात चौके और नौ गगनचुंबी छक्के जड़े। अंत में ईशान किशन ने 29 (20 गेंद) और अनिकेत वर्मा ने नाबाद 12 रन (6 गेंद) बनाए। वहीं, केकेआर की तरफ से सुनील नारायण को दो जबकि वैभव अरोड़ा को एक सफलता मिली।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





