अन्य

आईपीएल 2025 : धमाकेदार शुरुआत करने के बाद पटरी से उतर गई दिल्ली कैपिटल्स की गाड़ी

jantaserishta.com
22 May 2025 1:53 PM IST
आईपीएल 2025 : धमाकेदार शुरुआत करने के बाद पटरी से उतर गई दिल्ली कैपिटल्स की गाड़ी
x
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में दिल्ली कैपिटल्स टीम का प्लेऑफ में जाने का सपना टूट गया है। डीसी को आईपीएल 2025 के 63वें मैच में मुंबई इंडियंस ने 59 रनों से हरा दिया। इसके साथ ही पांच बार की चैंपियन एमआई की टीम एक बार फिर प्लेऑफ में पहुंच चुकी है। एमआई के लिए आईपीएल 2025 की शुरुआत जिस तरह से हुई थी, उसके अनुसार उनका प्लेऑफ तक पहुंचना सराहनीय है। वहीं, डीसी की गाड़ी अच्छी शुरुआत के बाद भी पटरी से उतर गई।
आईपीएल 2025 में एक के बाद एक लगातार चार मैच जीतकर धमाकेदार शुरुआत करने वाली दिल्ली कैपिटल्स की टीम एक समय शानदार लग रही थी। लेकिन उसके बाद उन्हें अहम मौकों पर हार का सामना करना पड़ा। खास बात यह है कि डीसी को पहली हार एमआई के ही खिलाफ मिली थी। इस हार के बाद डीसी की लय कभी पहले जैसी नहीं रही।
आईपीएल के इतिहास पर एक नजर डालें तो पता चलता है कि अक्सर शानदार शुरुआत के बाद भी कई टीमों को प्लेऑफ में जाने में सफलता नहीं मिलती है। इसका बड़ा कारण लीग स्टेज का लंबा होना है। डीसी के साथ 2016 सीजन में भी ऐसा हो चुका है, जब यह टीम शुरुआत के 7 मैचों में 5 मुकाबले जीतने के बाद भी प्लेऑफ में नहीं जा पाई थी। बिल्कुल यही स्थिति सीजन 2022 में सनराइजर्स हैदराबाद के साथ थी। पंजाब किंग्स की टीम भी सीजन 2018 में शुरुआती छह मैचों में पांच जीत के बावजूद प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई थी।
हालांकि दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल 2025 सीजन अधिक निराशाजनक साबित हुआ है। इसका कारण यह है कि वह पहली ऐसी टीम बन गई है जिसने शुरुआत के लगातार चार मैच जीतने के बाद भी प्लेऑफ में जगह हासिल नहीं की।
यह भी दिलचस्प रहा कि इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के तीन मैच ऐसे रहे जो अलग-अलग कारणों से प्रभावित रहे। इनमें एक मैच राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ था जो टाई हुआ था, लेकिन डीसी सुपर ओवर में मैच जीतने में कामयाब रही। एक मैच सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ था जिसमें बारिश के कारण नतीजा नहीं निकल सका। वहीं, 8 मई को पंजाब किंग्स के खिलाफ उनका मुकाबला सस्पेंड हो गया था। अब डीसी के पास इसी टीम के खिलाफ 24 मई को उनका अंतिम लीग मैच बचा है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story