अन्य

भारत और जापान अंतरिक्ष एवं साइबर टेक्नोलॉजी में करेंगे सहयोग

jantaserishta.com
21 Nov 2024 8:29 AM IST
भारत और जापान अंतरिक्ष एवं साइबर टेक्नोलॉजी में करेंगे सहयोग
x
नई दिल्ली: भारत और जापान के बीच सैन्य स्तर की एक महत्वपूर्ण संयुक्त वार्ता आयोजित की गई। दोनों देशों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की यह वार्ता बुधवार को नई दिल्ली में संपन्न हुई। इस दौरान आधुनिक युद्ध की उभरती गतिशीलता पर चर्चा हुई। भारत और जापान ने अंतरिक्ष और साइबर टेक्नोलॉजी के क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देने की बात कही है।
भारत के इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (एचक्यू आईडीएस) और जापान सेल्फ डिफेंस फोर्स (जेएसडीएफ) के संयुक्त स्टाफ के बीच यह दूसरी भारत-जापान ज्वाइंट सर्विस स्टाफ टॉक थी।
आधुनिक युद्ध की उभरती गतिशीलता को पहचानते हुए, दोनों देशों ने अपनी रक्षा साझेदारी के प्रमुख घटकों के रूप में अंतरिक्ष और साइबर प्रौद्योगिकियों में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्धता जताई है। भारत की ओर से बैठक की सह-अध्यक्षता एयर वाइस मार्शल प्रशांत मोहन ने की। वहीं, जापान की ओर से मेजर जनरल मिनामिकावा नोबुताका ने इस महत्वपूर्ण वार्ता की सह-अध्यक्षता की।
वार्ता के दौरान दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों ने मौजूदा रक्षा संबंधों को मजबूत करने पर सार्थक चर्चा की। मौजूदा द्विपक्षीय रक्षा तंत्र के तहत सहयोग के नए रास्ते तलाशने पर सार्थक मंथन भी किया गया। दोनों पक्षों ने उभरती सुरक्षा चुनौतियों का सामना करने, साझा हितों की रक्षा करने और भारत-प्रशांत क्षेत्र में शांति बनाए रखने में भारत-जापान साझेदारी के बढ़ते महत्व को स्वीकार किया है।
ज्वाइंट सर्विसेज स्टाफ फोरम नियमित और उच्च स्तरीय परिचालन चर्चाओं के माध्यम से भारत और जापान के बीच रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने का एक मंच है। ये बैठकें दोनों देशों के सशस्त्र बलों के बीच घनिष्ठ, पेशेवर सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में काम करती हैं।
रक्षा मंत्रालय का मानना है कि संयुक्त सेवा स्टाफ वार्ता ने दोनों पक्षों के बीच द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को सफलतापूर्वक मजबूत किया है। इसके अलावा यहां प्राप्त प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए और आगे की चर्चा के लिए नियमित रूप से मिलने का संकल्प लिया गया। यह जुड़ाव दोनों देशों के बीच आपसी विश्वास, सम्मान और साझा मूल्यों पर आधारित दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी को दर्शाता है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story