अन्य
अमेरिका से डिपोर्ट किए गए भारतीयों पर बोले गुरजीत सिंह औजला, 'सीएम मान को कीचड़ फेंकने की बजाय ढूंढना चाहिए हल'
jantaserishta.com
16 Feb 2025 8:16 AM IST

x
अमृतसर: अमेरिका से डिपोर्ट किए गए भारतीयों को लेकर दूसरा विमान शनिवार रात अमृतसर पहुंचेगा। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार पर पंजाब को बदनाम करने का आरोप लगाया। इस बीच, अमृतसर से कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने सीएम मान को नसीहत देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को कीचड़ फेंकने की बजाय समस्या का हल ढूंढना चाहिए।
कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, "पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान कहते हैं कि पंजाब को बदनाम किया जा रहा है। मैं उन्हें बताना चाहूंगा कि पंजाब में कई मुद्दे हैं, जिनके लिए पंजाब पहले ही बदनाम हो चुका है। पंजाब में नशा, सट्टा, फिरौती, गोलीबारी, नकली दूध, नकली दवाइयां समेत अनेक ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर ध्यान देने की जरूरत है। पंजाब में बेरोजगारी जैसे मुद्दे पर भी बात होनी चाहिए, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान सिर्फ आरोप लगा रहे हैं। मैं उनसे यही कहूंगा कि उन्हें दूसरों पर कीचड़ फेंकने की बजाय समस्या का हल ढूंढना चाहिए।"
उन्होंने कहा, "डिपोर्ट किए गए भारतीय अमृतसर आ रहे हैं। इसलिए उनके जहाज को यहां लाने के मुद्दे पर बात करने की बजाय मुख्यमंत्री को इस समस्या का हल ढूंढना चाहिए। जो लोग लाखों रुपये लगाकर विदेश गए थे और अब ऐसे हालातों में वापस आ रहे हैं, उन लोगों के पुनर्वास की बात की जानी चाहिए, उन्हें रोजगार देना चाहिए, ताकि वे देश और अपनी तरक्की के लिए काम कर सकें।"
सांसद गुरजीत सिंह औजला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मान से अपील की कि देश के नागरिकों को पूरी इज्जत के साथ वापस लाया जाए, क्योंकि किसी भी देश की असली संपत्ति उसके नागरिक होते हैं।
उन्होंने कहा कि पहले भाजपा सरकार और अब आम आदमी पार्टी की सरकार एक ही राग अलापते हैं कि पिछली सरकारों ने कुछ नहीं किया, जबकि सत्ता उनके हाथ में है। जहां कमी लगती है, उसे ठीक करें। पंजाब को इस लायक बनाएं कि युवाओं को विदेश न जाना पड़े।
उल्लेखनीय है कि बीते दिनों मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा था कि डिपोर्ट किए गए भारतीयों के जहाज को अमृतसर लाकर पंजाब को बदनाम किया जा रहा है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





