अन्य

उम्मीद से अच्छे जीडीपी ग्रोथ के आंकड़े, चालू वित्त वर्ष में 6.3 प्रतिशत की दर से बढ़ सकती है अर्थव्यवस्था : अर्थशास्त्री

jantaserishta.com
31 May 2025 10:05 AM IST
उम्मीद से अच्छे जीडीपी ग्रोथ के आंकड़े, चालू वित्त वर्ष में 6.3 प्रतिशत की दर से बढ़ सकती है अर्थव्यवस्था : अर्थशास्त्री
x
नई दिल्ली: इन्फोमेरिक्स रेटिंग्स में मुख्य अर्थशास्त्री, डॉ मनोरंजन शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि वित्त वर्ष 25 की चौथी तिमाही की जीडीपी ग्रोथ के आंकड़े उम्मीद से अच्छे रहे और चालू वित्त वर्ष में देश की अर्थव्यवस्था 6.3 प्रतिशत की दर से बढ़ सकती है।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए डॉ मनोरंजन शर्मा ने कहा, "हमारा अपना आकलन था कि वित्त वर्ष 25 की चौथी तिमाही की विकास दर 6.9 प्रतिशत रहेगी, लेकिन वास्तव में यह 7.4 प्रतिशत रही है, जो कि उम्मीद से अधिक है।"
उन्होंने आगे कहा कि देश की अर्थव्यवस्था वैश्विक चुनौतियों के बीच मजबूती से बढ़ रही है और यह आंकड़े भारत की अर्थव्यवस्था की मजबूती दिखाते हैं। साथ ही कहा कि हम दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेजी से बढ़ रहे हैं।
अर्थशास्त्री ने कहा, "वित्त वर्ष 25 की चौथी तिमाही में मैन्युफैक्चरिंग, कंस्ट्रक्शन, प्रोफेशनल सर्विसेज, पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन और डिफेंस में अच्छी बढ़ोतरी हुई है, लेकिन निजी खपत और सरकार के अंतिम उपभोग में दो तिमाही के बाद गिरावट देखने को मिली है।"
उन्होंने आगे कहा, "हमारा अनुमान है कि वित्त वर्ष 2025-26 में विकास दर 6.3 प्रतिशत पर रह सकती है। आरबीआई ने भी चालू वित्त वर्ष के लिए विकास दर का अनुमान 6.5 प्रतिशत रखा है।"
सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत की जीडीपी वृद्धि दर वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) में बढ़कर 7.4 प्रतिशत हो गई है। वित्त वर्ष 25 की तीसरी तिमाही में यह 6.2 प्रतिशत पर थी। इसकी वजह कृषि, कंस्ट्रक्शन और सर्विसेज सेक्टर का मजबूत प्रदर्शन करना है।
पूरे वित्त वर्ष 2024-25 की आर्थिक विकास दर 6.5 प्रतिशत रही है।
कृषि क्षेत्र की वृद्धि दर वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान 4.6 प्रतिशत रही, जो वित्त वर्ष 2023-24 में 2.7 प्रतिशत थी। वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही के दौरान कृषि क्षेत्र की वृद्धि दर पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही के 0.8 प्रतिशत की तुलना में बढ़कर 5 प्रतिशत हो गई।
वित्त वर्ष 2024-25 में कंस्ट्रक्शन क्षेत्र की विकास दर 9.4 प्रतिशत रहने का अनुमान है। इसके बाद पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, डिफेंस और अन्य सर्विसेज क्षेत्र की वृद्धि दर 8.9 प्रतिशत और फाइनेंशियल, रियल एस्टेट और प्रोफेशनल सर्विसेज क्षेत्र की वृद्धि दर 7.2 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story