अन्य

कोटपूतली-बहरोड़ जिले में 15 दिनों से घना कोहरा, जनजीवन प्रभावित

jantaserishta.com
21 Jan 2026 10:51 AM IST
कोटपूतली-बहरोड़ जिले में 15 दिनों से घना कोहरा, जनजीवन प्रभावित
x
कोटपूतली: राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले में पिछले करीब 15 दिनों से लगातार घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कोहरे का असर न केवल आम लोगों पर, बल्कि यातायात, किसानों और व्यापारिक गतिविधियों पर भी साफ दिखाई दे रहा है।
जिले के बहरोड़ क्षेत्र में सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रहने के कारण लोगों को रोजमर्रा के कामों में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घने कोहरे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य प्रमुख सड़कों पर वाहनों की रफ्तार सुबह करीब 11 बजे तक बेहद धीमी रहती है। कई स्थानों पर दृश्यता 20 से 30 मीटर तक सिमट जाती है, जिससे वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ रही है। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों को विशेष दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कोहरे के चलते छोटे-बड़े सड़क हादसों की आशंका भी बनी रहती है।
कोहरे के साथ-साथ जिले में कड़ाके की सर्दी भी पड़ रही है। सुबह और देर रात सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ गई है। लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हैं। हालांकि दिन चढ़ने के साथ मौसम कुछ हद तक साफ हो जाता है और दोपहर में तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिलती है।
किसानों के लिए यह मौसम चिंता का कारण बनता जा रहा है। लगातार घने कोहरे और अधिक नमी के कारण रबी की फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। सरसों, गेहूं और चने की फसलों में रोग लगने का खतरा बढ़ गया है। किसान अपनी फसलों को लेकर चिंतित हैं और मौसम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में जिले में बारिश होने के आसार हैं। यदि बारिश होती है तो ठंड और बढ़ सकती है, वहीं कोहरे की स्थिति में भी बदलाव संभव है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते यह बदलाव देखने को मिल सकता है।
प्रशासन और यातायात विभाग द्वारा लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की जा रही है। जिससे हाईवे पर हादसे न हो। इसके साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए यातायात विभाग की तरफ से विभिन्न अभियान भी चलाए जा रहे है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story