अन्य

दिल्ली की नई मुख्यमंत्री आतिशी शाम 4:30 बजे लेंगी शपथ

jantaserishta.com
21 Sept 2024 8:42 AM IST
दिल्ली की नई मुख्यमंत्री आतिशी शाम 4:30 बजे लेंगी शपथ
x
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में राजनीति में शनिवार को एक अहम बदलाव होने जा रहा है। आप नेता आतिशी शनिवार को दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहीं हैं।
सीएम पद से अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के बाद आतिशी को आम आदमी पार्टी के विधायक दल का नेता चुना गया। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद आतिशी ने नई सरकार बनाने का दावा पेश किया और उपराज्यपाल से शपथ ग्रहण की तारीख तय करने की मांग की। आतिशी का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार, 21 सितंबर को शाम 4:30 बजे आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर उनके साथ पांच कैबिनेट मंत्री भी शपथ लेंगे, जो नई सरकार की दिशा और नीतियों को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इसके अलावा, दिल्ली सरकार ने 26 और 27 सितंबर को दो दिवसीय विधानसभा सत्र बुलाने का निर्णय लिया है। इस सत्र के दौरान, आतिशी को बहुमत सिद्ध करना होगा, जो उनकी सरकार की स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण होगा।
बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने रविवार को सीएम पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया था। केजरीवाल ने कहा था कि वह अब तब तक मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं बैठेंगे, जब तक दिल्ली की जनता उन्हें ईमानदारी का प्रमाणपत्र नहीं देती। इस ऐलान के बाद केजरीवाल ने एलजी से मुलाकात कर पद से इस्तीफा दे दिया था। वर्तमान में आतिशी वित्त, शिक्षा एवं पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) समेत कई विभागों की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी। इससे पहले भाजपा की सुषमा स्वराज और कांग्रेस की शीला दीक्षित मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। सुषमा स्वराज का कार्यकाल काफी छोटा रहा था। लेकिन शीला दीक्षित 15 साल तक दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं थीं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story