अन्य
दिल्ली चुनाव : कुसुमपुर पहाड़ी में रवि किशन ने किया प्रचार, भाजपा के लिए मांगा समर्थन
jantaserishta.com
26 Jan 2025 2:57 AM GMT
x
नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रचार करने भाजपा सांसद रवि किशन महरौली विधानसभा क्षेत्र के कुसुमपुर पहाड़ी पहुंचे। यहां उन्होंने सभा को संबोधित किया और भाजपा प्रत्याशी गजेंद्र यादव के पक्ष में वोट करने की अपील की।
सभा को संबोधित करने के बाद मीडिया से बात करते हुए रवि किशन ने कहा कि कुसुमपुर पहाड़ी में आज भी लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। यहां के लोग पीने के पानी के लिए टैंकर पर निर्भर हैं और सीवर की कोई व्यवस्था नहीं है। यह हालात पूरी तरह से असहनीय हैं। उन्होंने दावा किया कि गजेंद्र यादव के विधायक बनने के बाद इन समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
भाजपा सांसद ने कहा कि दिल्ली की जनता इस बार पूरी तरह से मन बना चुकी है और वह भाजपा के पक्ष में मतदान करने जा रही है। कुसुमपुर पहाड़ी के लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि आप सब भाजपा को वोट दें, ताकि बुनियादी सुविधाओं का सुधार हो सके। आम आदमी पार्टी (आप) पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता से किए गए वादे को पूरा नहीं किया गया।
बता दें कि महरौली विधानसभा सीट से भाजपा के गजेंद्र यादव, कांग्रेस की पुष्पा सिंह और आम आदमी पार्टी (आप) के महेंद्र चौधरी के बीच मुकाबला देखने को मिल रहा है। महरौली विधानसभा सीट पर हुए पिछले दो चुनावों की बात की जाए तो 2015 और 2020 में 'आप' के नरेश यादव ने जीत दर्ज की थी।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी को एक चरण में मतदान होगा। नतीजों की घोषणा 8 फरवरी को होगी। दिल्ली में 1.55 करोड़ मतदाता हैं। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 83.49 लाख और महिला मतदाता 71.74 लाख है। इसके अलावा 1,261 थर्ड जेंडर मतदाता भी हैं। युवा मतदाताओं की संख्या 25.89 लाख है। जबकि, 2.08 लाख फर्स्ट टाइम वोटर हैं।
jantaserishta.com
Next Story