अन्य
दिल्ली चुनाव 2025 : पूर्वांचल समाज के अपमान का आरोप लगा 'आप' ने भाजपा के खिलाफ किया प्रदर्शन
jantaserishta.com
17 Jan 2025 8:31 AM IST

x
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली में रह रहे पूर्वांचल समाज के लोगों का अपमान करने का आरोप लगाते हुए भाजपा के खिलाफ पूरी दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन किया। 'आप' नेताओं के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और पूर्वांचल समाज के लोगों ने सभी विधानसभाओं में जगह-जगह प्रदर्शन कर भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कई जगह पुतले भी जलाए।
'आप' की तरफ से कहा गया है कि भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक राष्ट्रीय चैनल पर पूर्वांचल के नेता को गाली दी। भाजपा के नेता पूर्वांचल के लोगों को कभी बांग्लादेशी तो कभी रोहिंग्या कहते हैं। उन्हें टीवी पर गाली देते हैं। दिल्ली के लोगों को उस गाली का बदला अपनी वोट की ताकत से लेना है।
'आप' विधायक ऋतुराज झा ने कहा कि आज दिल्ली की हर विधानसभा में विरोध प्रदर्शन हुआ। इस दौरान कुछ लोगों ने पुतले जलाए। हमारे पास लाखों फोन कॉल्स आ रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने लाइव टेलीविजन पर मुझे केवल इसलिए गालियां दी, क्योंकि मैं पूर्वांचल के मैथिली ब्राह्मण समाज से आता हूं। दिल्ली और देश के लोग भाजपा का चाल-चरित्र अच्छे से जानते हैं कि ये लोग पूर्वांचल विरोधी हैं। गालियां देना और अपमान करना इनकी फितरत है।
उन्होंने कहा कि बिहार के मिथिला इलाके में भी भाजपा के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन हुआ है। भाजपा नेता मनोज तिवारी ने वीडियो तो जारी किया, लेकिन घुमा-फिर कर बातें की। उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। शहजाद पूनावाला को प्रवक्ता के पद से हटाते हुए भाजपा को उनके खिलाफ एक्शन लेना चाहिए। मैथिली-ब्राह्मण समाज में इसे लेकर बहुत रोष है। अगर भाजपा ने कोई एक्शन नहीं लिया तो 5 फरवरी को पूरा पूर्वांचल समाज करारा जवाब देगा।
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूरी दिल्ली में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन कर भाजपा पर जमकर हमला बोला। इस दौरान कई जगहों पर पुतले भी जलाए गए।
दिल्ली के शालीमार बाग, वजीरपुर, मॉडल टाउन, जंगपुरा, ओखला, पटपड़गंज, त्रिलोकपुरी, शाहदरा, दिल्ली कैंट, करोल बाग, मोती नगर, पटेल नगर, ग्रेटर कैलाश, कस्तूरबा नगर, मालवीय नगर, बाबरपुर, मुस्तफाबाद, रोहतास नगर, सीलमपुर, सीमापुरी, बुराड़ी, घोड़ा, गोकलपुर, करावल नगर, तिमारपुर, बवाना, मंगोलपुरी, बादली, मुंडका, रिठाला, अंबेडकर नगर, बिजवासन, छतरपुर, महरौली, पालम, बदरपुर, देवली, कालकाजी, संगम विहार, तुगलकाबाद, द्वारका, मटियाला, नजफगढ़, उत्तम नगर, विकासपुरी, हरि नगर, जनकपुरी, मादीपुर, राजौरी गार्डन और तिलक नगर समेत कई विधानसभा क्षेत्रों में प्रदर्शन किया गया।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





