अन्य

इंदौर नगर निगम घोटाले को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, पुलिस से भिड़े कार्यकर्ता

jantaserishta.com
7 Aug 2024 3:15 AM GMT
इंदौर नगर निगम घोटाले को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, पुलिस से भिड़े कार्यकर्ता
x
इंदौर: कांग्रेस ने इंदौर नगर निगम घोटाले को लेकर मंगलवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान, नेता व कार्यकर्ता पुलिस से भी भिड़ गए। पुलिस ने प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारें की।
इस दौरान स्थिति इस कदर बिगड़ गई कि पुलिस के लिए भी स्थिति को काबू में करना मुश्किल हो गया। प्रदर्शन का आयोजन नगर निगम परिसर में किया गया था। जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी के नेता शामिल हुए। इस बीच, पुलिस ने वाटर कैनन और हल्का बल प्रयोग किया, ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, कांग्रेस नेता सुरजीत सिंह चड्ढा और सदाशि‍व यादव शामिल हुए।
सभी ने इंदौर निगम में हुए घोटाले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने ऐलान किया कि आगामी दिनों में इस प्रदर्शन को व्यापक रूप दिया जाएगा।
मिली जानकारी के मुताबिक, विरोध प्रदर्शन को काबू में करने के दौरान पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिसमें एक शख्स के घायल होने की खबर है, जिसे पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया।
विरोध प्रदर्शन में शामिल होने से पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान को प्रसाद चढ़ाया और आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हमने भगवान से प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की है, ताकि प्रदेश में विकास हो।
बता दें कि बीते दिनों इंदौर नगर निगम में फर्जी बिल के साथ कुछ अन्य घोटाले भी हुए थे, जिसे लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था। इसमें कई अन्य नेता शामिल हुए।
Next Story