अन्य
पहलगाम हमले पर कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने जताया दुख, कहा- ‘आतंकियों का धर्म सिर्फ आतंकवाद होता है’
jantaserishta.com
24 April 2025 8:27 AM IST

x
नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत हो गई है। कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने आतंकी हमले में मारे गए पर्यटकों की मौत पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद का धर्म सिर्फ आतंकवाद होता है।
कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "आतंकवाद का एकमात्र धर्म आतंकवाद होता है और यह किसी धर्म को नहीं मानता है। आतंकवाद ही उनका धर्म है, इसलिए यह बात पूरी दुनिया को स्पष्ट रूप से समझनी चाहिए, जो भी आतंकवादी हैं, वे धर्म, मानवता और सभी के खिलाफ हैं।"
राशिद अल्वी ने आगे कहा, "पहलगाम हमले की जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है। पहलगाम के अंदर जो भी हुआ है, वह कायरता का बड़ा सबूत है। मैं पूछना चाहता हूं कि क्या हाथों में बंदूक लेकर किसी को भी मार सकते हैं? मुझे लगता है कि इससे बड़ा कोई अपराध और इससे बड़ी कोई कायरता नहीं हो सकती है। किसी निहत्थे को मारना कौन सी बहादुरी है और कौन सा धर्म इसे जस्टिफाई कर सकता है। पहलगाम की घटना से पूरा देश गम में डूबा हुआ है और इसको लेकर हम सब एकजुट हैं। मैं मांग करता हूं कि सरकार को इस मामले में कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।"
कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत सरकार की जिम्मेदारी है कि वे मामले की गहराई तक जाकर इस घटना की सच्चाई का पता लगाए। इस हमले में शामिल उन सभी लोगों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए, लेकिन उन्हें पकड़कर सच्चाई भी पता करनी चाहिए कि इस हमले के पीछे कौन लोग हैं और किसने इतनी बड़ी साजिश रची। साथ ही यह भी पता लगाना चाहिए कि इंटेलिजेंस रिपोर्ट मिली थी या नहीं।
उन्होंने कहा, "जम्मू-कश्मीर एक केंद्र शासित प्रदेश है, जो केंद्रीय गृह मंत्री और उपराज्यपाल की देखरेख में आता है। कहीं न कहीं उनकी भी जिम्मेदारी बनती है कि इतनी बड़ी घटना कैसे हुई। सभी के मन में बहुत सारे सवाल चल रहे हैं, भारत सरकार को इन सवालों का जवाब देना होगा।"
राशिद अल्वी ने यह भी कहा, "पहलगाम हमले की सच्चाई सामने आनी चाहिए। अगर इस घटना के पीछे पाकिस्तान है तो उसे सबक सिखाना चाहिए। साथ ही देश की जनता और राजनीतिक दलों को भरोसे में लेना चाहिए। इस मुद्दे पर कोई विवाद नहीं होना चाहिए, इस समय पूरा देश एक साथ खड़ा है और सरकार को बताना चाहिए कि उसका अगला कदम क्या है। साथ ही सरकार को यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि इस तरह की घटना दोबारा न हो। सिर्फ बयानबाजी करने से कोई नतीजा नहीं निकलने वाला है। कश्मीर के अंदर इस तरह के हालात होने चाहिए कि हमारा एक भी भाई भविष्य में आतंकियों का निशाना न बन पाए।"
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





