अन्य
बिहार विधान परिषद के बदलेंगे सभापति, कई विधानसभा क्षेत्रों में उप चुनाव तय
jantaserishta.com
6 Jun 2024 11:13 AM IST

x
पटना: लोकसभा चुनाव के परिणाम के बाद बिहार विधान परिषद के सभापति का बदलना तय माना जा रहा है। इसके अलावा कई विधायकों और दो राज्यसभा सांसदों के लोकसभा चुनाव जीतने के बाद इन सीटों पर उपचुनाव होने की भी पूरी संभावना है।
दरअसल, विधान परिषद के सभापति देवेश चंद्र ठाकुर सीतामढ़ी लोकसभा क्षेत्र से चुनाव जीत गए हैं। वह तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से 2020 में विधान पार्षद बने थे। इसके बाद वह विधान परिषद के सभापति बन गए।
अब इनके लोकसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद विधान परिषद को जहां नया सभापति मिलना तय है, वहीं तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में उप चुनाव की संभावना भी बढ़ गई है। इस बार दो राज्यसभा सदस्य भी लोकसभा चुनाव जीत गए हैं। राज्यसभा सदस्य मीसा भारती पाटलिपुत्र से चुनाव जीत गई हैं, जबकि राज्यसभा सदस्य विवेक ठाकुर ने नवादा से परचम लहराया है। उनके इस्तीफा देने की स्थिति में राज्यसभा की सीट खाली हो जाएगी।
रिक्त हुई सीटों पर भी उप चुनाव तय माना जा रहा है। राज्यसभा में मीसा भारती का कार्यकाल 2028 तक है जबकि भाजपा के विवेक ठाकुर का दो साल का कार्यकाल शेष है। इसी तरह, कई विधायकों के इस चुनाव में लोकसभा जाने का भी सपना पूरा हो गया। रामगढ़ के राजद विधायक सुधाकर सिंह बक्सर से लोकसभा का चुनाव जीते हैं जबकि बेलागंज के राजद विधायक सुरेन्द्र प्रसाद यादव ने जहानाबाद से लोकसभा चुनाव जीतकर निचले सदन में पहुंचने की अपनी हसरत पूरी की है।
इधर, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के संरक्षक और पूर्व उपमुख्यमंत्री जीतन राम मांझी भी गया लोकसभा क्षेत्र से चुनाव जीत गए हैं। वह फिलहाल इमामगंज के विधायक हैं। इसी तरह तरारी के विधायक सुदामा प्रसाद आरा से लोकसभा का चुनाव जीत चुके हैं। ऐसे में तय है कि रामगढ़, बेलागंज, इमामगंज और तरारी में उप चुनाव होगा। बिहार में अगले साल विधानसभा चुनाव होना है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





