अन्य

कुवैत हादसे में जान गंवाने वाले रांची के युवक का शव पहुंचा, सरकार ने दी पांच लाख की मदद

jantaserishta.com
15 Jun 2024 11:17 AM IST
कुवैत हादसे में जान गंवाने वाले रांची के युवक का शव पहुंचा, सरकार ने दी पांच लाख की मदद
x
रांची: कुवैत अग्निकांड में जान गंवाने वाले रांची निवासी 25 वर्षीय अली हुसैन का शव लंबे इंतजार के बाद शनिवार सुबह रांची पहुंचा। शव जैसे ही विमान से निकाल कर एयरपोर्ट के बाहर लाया गया, वहां मौजूद उसके परिजनों के विलाप से हर किसी की आंखें नम हो उठीं।
एयरपोर्ट पर मौजूद रांची के उपायुक्त राहुल सिन्हा ने अली हुसैन के परिजनों को सरकार की ओर से सहायता के तौर पर पांच लाख रुपए का चेक उसके पिता मुबारक हुसैन को सौंपा। श्रम विभाग के अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे। केंद्र की सरकार ने भी सभी मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए की सहायता की घोषणा की है।
रांची के हिंदपीढ़ी निजाम नगर निवासी अली करीब 25 दिन पहले ही कुवैत गया था। वहां उसके सेल्समैन के तौर पर नौकरी मिली थी। नौकरी पाकर वह बेहद खुश था। हर दिन अपने परिजनों से उसकी फोन पर बात होती थी।
अली का जब बुधवार को कोई कॉल नहीं आया तो परिजन परेशान हो गये। इधर से कॉल करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन कनेक्ट नहीं हुआ। गुरुवार को दिन में सऊदी में रहने वाले एक रिश्तेदार ने अली हुसैन की मौत की सूचना दी। उसका अंतिम संस्कार डोरंडा स्थित कब्रिस्तान में किया जाएगा।
उसके भाई आदिल हुसैन धार्मिक जियारत के लिए मक्का गए थे और वह आज लौट रहे हैं। कुवैत हादसे में मृत 45 भारतीय कामगारों के शव शुक्रवार को वायुसेना के विशेष विमान से कोच्चि पहुंचे। झारखंड के राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष के अधिकारी ने बताया कि विदेश मंत्रालय से रांची निवासी अली हुसैन की मौत की सूचना मिली थी। इसके बाद से ही उनके शव को रांची लाने के लिए प्रवासी कक्ष उनके परिजनों के संपर्क में था।
झारखंड के सीएम चंपई सोरेन ने कहा है कि कुवैत गए अली हुसैन की मृत्यु की सूचना दुखद है। दुख की घड़ी में सरकार उनके परिजनों के साथ है। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें दुख सहने की शक्ति मिले।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story