अन्य

झारखंड विधानसभा में अंधेरे के बीच धरने पर हैं भाजपा-आजसू विधायक, मनाने पहुंचे सीएम की भी नहीं सुनी

jantaserishta.com
1 Aug 2024 8:50 AM IST
झारखंड विधानसभा में अंधेरे के बीच धरने पर हैं भाजपा-आजसू विधायक, मनाने पहुंचे सीएम की भी नहीं सुनी
x
रांची: झारखंड विधानसभा में सदन की कार्यवाही बुधवार दोपहर ढाई बजे ही स्थगित कर दी गई। लेकिन, भाजपा और आजसू के 18 विधायक सदन के वेल में पांच घंटे से धरने पर हैं। सदन में घुप्प अंधेरा है। बिजली काट दी गई है और एसी बंद कर दिया गया है। यहां मौजूद विधायकों में कोई फर्श पर लेटा है तो कोई बैठा है।
इसी बीच शाम 6.20 बजे सीएम हेमंत सोरेन विधायकों को मनाने पहुंचे। लेकिन, उन्होंने सदन छोड़कर बाहर आने से इनकार कर दिया। भाजपा-आजसू के विधायकों की मांग है कि उन्होंने सदन में युवाओं की नौकरी, अनुबंध पर काम करने वालों के स्थायीकरण जैसे मुद्दों पर जो सवाल उठाया है, उस पर सीएम जब तक सदन में जवाब नहीं देते, वे यहीं डटे रहेंगे।
नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि सीएम हेमंत सोरेन ने उनसे धरना खत्म करने की अपील की, लेकिन उनकी मांग पर कोई ठोस बात नहीं कही। ऐसे में भाजपा-आजसू के तमाम विधायक पूरी रात सदन में इसी हाल में रहेंगे। गुरुवार को दिन के 11 बजे जब सदन शुरू होगा, तब भी वह इसी हाल में यहां रहेंगे।
इधर, झारखंड भाजपा के प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने एक वीडियो जारी कर सरकार पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, "भाजपा विधायकों ने अनुबंध कर्मियों का विषय उठाया तो सदन को स्थगित कर दिया गया। इस पर धरना देने को बाध्य हुए भाजपा-आजसू के विधायकों को बंधक बना लिया गया। बिजली काट दी गई। एसी बंद कर दिया गया। पीने का पानी नहीं दिया जा रहा है। वॉशरूम नहीं जाने दिया जा रहा है। चारों तरफ मार्शल लगा दिए गए हैं। यह तानाशाही है। लोकतंत्र की हत्या की जा रही है।"
दरअसल, झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने बुधवार को सदन में दूसरी पाली की कार्यवाही के दौरान युवाओं की नौकरी, अनुबंध पर काम करने वालों से जुड़ा विषय उठाया।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान सरकार ने युवाओं, शिक्षकों, होमगार्ड, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, अराजपत्रित कर्मचारियों सहित विभिन्न वर्गों से जो वादे किए थे, उन्हें भूला दिया गया है। हम सीधे सीएम से इस मामले में तत्काल जवाब चाहते हैं। यह मौजूदा विधानसभा का आखिरी सत्र है और सीएम इस सत्र के आखिरी दिन शुक्रवार को सबसे अंत में जवाब देंगे तो विपक्ष को वस्तुस्थिति और अपना पक्ष रखने का वक्त नहीं मिलेगा।
उन्होंने कहा कि जब तक सीएम जवाब नहीं देते, हम सदन में डटे रहेंगे। हमें पूरी रात और अगले दिन भी सदन में रहना पड़े तो रहेंगे।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story