अन्य
बलूच हथियारबंद ग्रुप ने लॉन्च किया नेवल विंग, पहले ऑपरेशन में तीन पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने का दावा
jantaserishta.com
14 April 2026 1:07 PM IST

x
क्वेटा: बलूचिस्तान में सक्रिय उग्रवादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने एक बड़ा दावा करते हुए अपने नए नौसैनिक विंग के गठन की घोषणा की है। संगठन का कहना है कि उसने अपनी पहली समुद्री कार्रवाई में तीन पाकिस्तानी नौसैनिकों को मार गिराया।
बीएलए के मीडिया विंग 'हक्काल' द्वारा जारी एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें चार नकाबपोश लड़ाके समुद्र की ओर बढ़ते हुए और फिर एक स्पीडबोट पर सवार होते नजर आ रहे हैं। वीडियो में ये लड़ाके समुद्र के बीच एक जहाज की ओर बढ़ते हैं, जिसे पाकिस्तान कोस्ट गार्ड की नाव बताया गया है और उस पर अंधाधुंध फायरिंग करते दिख रहे हैं।
हमले से पहले वीडियो में लड़ाके चेतावनी देते हुए कहते हैं, "जब तक इस जमीन पर एक भी बलूच जिंदा है, हम तुम्हें इस जमीन और समुद्र पर टिकने नहीं देंगे। हम आज भी तैयार हैं, कल भी थे और आगे भी रहेंगे। तुम्हें हर जगह निशाना बनाया जाएगा।"
बीएलए के प्रवक्ता जीयंद बलूच ने बयान जारी कर कहा कि संगठन ने 'हमाल मैरीटाइम डिफेंस फोर्स' (एचएमडीएफ) नाम से एक औपचारिक नौसैनिक विंग तैयार किया है, जिसका उद्देश्य 'बलूच समुद्र की रक्षा' करना है। उन्होंने बताया कि इस नई इकाई ने 12 अप्रैल की सुबह ग्वादर जिले के जीवानि क्षेत्र के 'मिल तियाब' इलाके में अपनी पहली कार्रवाई को अंजाम दिया।
प्रवक्ता के अनुसार, इस हमले में बीएलए लड़ाकों की भारी फायरिंग के चलते पाकिस्तानी नौसेना के तीन जवान (नायक अफजल, सिपाही जमील और सिपाही उमर) मौके पर ही मारे गए। उन्होंने दावा किया कि ऑपरेशन के बाद सभी लड़ाके सुरक्षित अपने ठिकानों पर लौट गए।
बीएलए ने यह भी कहा कि बलूच 'राष्ट्रीय स्वतंत्रता आंदोलन' अब जमीन से आगे बढ़कर समुद्री क्षेत्र में भी प्रवेश कर चुका है और यह क्षेत्र भी दुश्मनों के लिए 'कब्रगाह' साबित होगा।
अपने बयान में संगठन ने पाकिस्तान और उसके सहयोगियों पर आरोप लगाया कि वे वर्षों से बलूच समुद्री संसाधनों का 'अवैध दोहन' कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मछुआरों का आर्थिक शोषण जारी है और तटीय इलाकों को सैन्य छावनियों में बदल दिया गया है।
बीएलए ने चेतावनी देते हुए कहा कि अब उनकी सैन्य क्षमता केवल पहाड़ों और शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि वे गहरे समुद्र में भी दुश्मन के ठिकानों और संसाधनों को निशाना बनाने में सक्षम हैं। संगठन ने दोहराया कि उनकी लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक पूरी तरह से दुश्मन की वापसी और एक स्वतंत्र बलूच राज्य की स्थापना नहीं हो जाती।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





