अन्य
दिल्ली में गुरुवार से लागू होगी आयुष्मान योजना, पहले चरण में 2.6 लाख लोगों की सूची तैयार : मंत्री
jantaserishta.com
10 April 2025 8:38 AM IST

x
नई दिल्ली: दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने घोषणा की है कि राजधानी में आयुष्मान योजना की शुरुआत गुरुवार से की जा रही है। यह योजना उन लोगों के लिए एक बड़ी सौगात है, जो लंबे समय से स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित थे।
डॉ. सिंह ने बताया कि पहले चरण में अंत्योदय योजना और अन्य पात्रता वाले करीब 2 लाख 60 हजार लोगों की सूची बनाई गई है। इनमें से पहले 40 से 42 दिनों में लगभग 2.34 लाख लोगों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए जाएंगे। इसके बाद दूसरे चरण की शुरुआत होगी।
उन्होंने अरविंद केजरीवाल की पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “यह दिल्ली वालों के लिए बहुत जरूरी योजना थी, जिसे पिछली सरकार ने रोक कर रखा था। हम इसे अब शुरू कर रहे हैं ताकि हर जरूरतमंद तक यह लाभ पहुंच सके।”
दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि योजना की शुरुआत के पहले दिन 400 से 500 लाभार्थियों को कार्ड दिए जाएंगे। इसके साथ ही रजिस्ट्रेशन के लिए विशेष काउंटर और वेबसाइट शुरू की जाएगी। लोगों को पंजीकरण की स्थिति और आगे की प्रक्रिया की जानकारी मोबाइल पर मैसेज के माध्यम से दी जाएगी, ताकि उन्हें ज्यादा भटकना नहीं पड़े।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी दस्तावेजों की जांच के बाद ही कार्ड वितरित किए जाएंगे। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि यह योजना सिर्फ उन्हीं तक पहुंचे, जो इसके वास्तविक हकदार हैं। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या फर्जीवाड़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
डॉ. पंकज सिंह ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में दिल्ली के हर पात्र नागरिक तक आयुष्मान योजना का लाभ पहुंचाया जाएगा और यह दिल्ली की जनता के लिए एक बड़ी राहत साबित होगी। उन्होंने कहा कि इससे खासकर गरीबों को बड़ी राहत मिलेगी, जो इलाज नहीं करा पाते हैं।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





