अन्य

अरविंद सावंत के खिलाफ कार्रवाई की जाए, गिरफ्तारी होनी चाहिए : किरण पावस्कर

jantaserishta.com
2 Nov 2024 8:12 AM IST
अरविंद सावंत के खिलाफ कार्रवाई की जाए, गिरफ्तारी होनी चाहिए : किरण पावस्कर
x
मुंबई: शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता और प्रवक्ता किरण पावस्कर ने शुक्रवार को अरविंद सावंत द्वारा शाइना एनसी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस मामले में एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए और कार्रवाई की जानी आवश्यक है।
किरण पावस्कर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि अरविंद सावंत ने जो कुछ कहा है, वह पूरे महाराष्ट्र ने देखा है। देश की मीडिया ने उनके बयान को प्रसारित किया है। अब वह कह नहीं सकते कि उन्होंने ऐसा नहीं बोला है। मीडिया के माध्यम से हर कोई उनका बयान सुन चुका है। उन्होंने आगे कहा कि यह व्यक्ति "विकृत मानसिकता" का प्रतीक है और उनका बयान सिर्फ एक उम्मीदवार का अपमान नहीं, बल्कि सभी महिलाओं का अपमान है।
पावस्कर ने कहा कि इस प्रकार के बयानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। हम चाहते हैं कि इस पर कार्रवाई की जाए, एफआईआर दर्ज की जाए और अरविंद सावंत को गिरफ्तार किया जाए। इसके अलावा, उन्होंने प्रदेश में चलाई जा रही "लाडली बहन योजना" का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को पता है कि महिलाएं उन्हें वोट नहीं देंगी, जिसके कारण उनका फ्रस्ट्रेशन बढ़ रहा है। इस योजना के लागू होने के बाद से महिलाओं के खातों में पैसे भेजे जा रहे हैं।"
उल्लेखनीय है कि अरविंद सावंत ने अपने बयान में कहा था, "उनकी (शाइना एनसी की) हालत देखिए। वह जिंदगीभर भाजपा में रहीं। लेकिन, आखिर में टिकट एकनाथ शिंदे की शिवसेना से ही मिला। यह इम्पोर्टेड माल नहीं चलेगा। हमारे यहां ऑरिजनल माल चलता है। अमीन पटेल ही ओरिजिनल उम्मीदवार हैं।"
उनके बयान के बाद शाइना एनसी की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि वह (अरविंद सावंत) महिलाओं का सम्मान नहीं कर सकते हैं। एक प्रोफेशनल महिला, जिसने अपनी जिंदगी में बहुत कुछ किया और इसके बाद राजनीति में आने का मन बनाया, उसके बारे में आप इस तरह के अल्फाजों का इस्तेमाल भला कैसे कर सकते हैं। आपने एक महिला को 'माल' कहकर बुलाया है। आपके इस बयान को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है। इस तरह का बयान अशोभनीय और निंदनीय है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story