अन्य

शिमला के रामपुर में बादल फटने के बाद 36 लोग लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

jantaserishta.com
1 Aug 2024 10:47 AM IST
शिमला के रामपुर में बादल फटने के बाद 36 लोग लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
x
रामपुर: हिमाचल प्रदेश में शिमला जिले के रामपुर में गुरुवार सुबह भारी बारिश के कारण बादल फटने से तबाही मच गई। बादल फटने से झाकड़ी के समेज खड्ड में बाढ़ आ गई। इसमें 36 लोग लापता हैं।
बताया जा रहा है कि लापता लोगों में एक पावर प्रोजेक्ट के कर्मचारी भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, झाकड़ी के समेज खड्ड स्थित हाइड्रो प्रोजेक्ट के पास गुरुवार तड़के बादल फटा। इसकी जानकारी मिलते ही रामपुर उपमंडल प्रशासन, एनडीआरएफ, सीआईएसएफ, होमगार्ड और चिकित्सा दल की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई।
रामपुर के उपमंडल अधिकारी निशांत तोमर ने बताया कि गुरुवार सुबह बादल फटने की जानकारी मिली थी। इसके बाद क्षेत्र में अचानक बाढ़ आ गई। और प्रभावित क्षेत्र में कई लोगों के लापता होने की सूचना है।
उन्होंने कहा, “बादल फटने के कारण कई जगह सड़कें बंद पड़ी हुई हैं। इस वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी आ रही है। करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर ही घटनास्थल तक राहत-बचाव का सामान पहुंचाया जा रहा है।”
उपमंडल अधिकारी निशांत तोमर ने कहा, “प्रभावित क्षेत्र में राहत बचाव कार्य तेजी पर है। रेस्क्यू ऑपरेशन में आईटीबीपी, स्पेशल होमगार्ड की टुकड़ियों की भी मदद ली जा रही है। मौके पर एंबुलेंस और अन्य सुविधाओं के भी इंतजाम किए गए हैं।”
फिलहाल लापता लोगों की तलाश जारी है। केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बात की और घटना की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र सरकार से हर संभव मदद का भरोसा दिया। नड्डा ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भी बात की और सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को राहत कार्यों में जुटने का निर्देश दिया।
मौसम विभाग ने कुल्लू, सोलन, सिरमौर, शिमला और किन्नौर जिलों के संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और अचानक बाढ़ आने की भी चेतावनी दी है।
इससे पहले हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले स्थित राजवन गांव में बुधवार देर रात बादल फटा था। इस हादसे में एक शख्स की मौत हो गई। इसके अलावा 11 से अधिक लोग लापता हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story