न्यूज
गंगोत्री से गंगासागर तक योग यात्रा, पटना के एनआईटी घाट पर लोगों ने एक साथ किया योगाभ्यास
jantaserishta.com
18 Jun 2026 12:59 PM IST

x
पटना: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले पटना के एनआईटी घाट पर 'गंगोत्री से गंगा सागर' पहल के तहत एक विशाल योग शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, सरकारी अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
यह कार्यक्रम आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें बिहार सरकार का भी सहयोग रहा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से बिहार स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव वैभव चौधरी और भाजपा विधायक संजय गुप्ता उपस्थित रहे। दोनों ने योग के महत्व और इसके सामाजिक प्रभाव पर अपने विचार व्यक्त किए।
भाजपा विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि 'गंगोत्री से गंगा सागर' तक योग अभियान पूरे भारत में चलाया जा रहा है, जिसे आयुष मंत्रालय के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रत्येक वर्ष 21 जून को मनाया जाता है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर वैश्विक स्तर पर पहचान बना चुका है। उन्होंने योग को स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन का आधार बताया और कहा कि योग के माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन में बड़े लक्ष्यों को हासिल कर सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि गंगा किनारे योग आयोजन का एक महत्वपूर्ण संदेश यह भी है कि लोगों को गंगा नदी की स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि गंगा को गंगा मैया कहा जाता है और इसे स्वच्छ रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में एक हजार से अधिक युवाओं की भागीदारी रही, जिन्होंने योग के साथ-साथ गंगा संरक्षण का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव वैभव चौधरी ने कहा कि 'गंगोत्री से गंगा सागर' का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ना और उन्हें इसके लाभों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि गंगा किनारे योग का आयोजन प्रकृति के साथ जुड़ाव का संदेश देता है, जिससे लोग पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों के प्रति जागरूक होते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह मानसिक और सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार मिलकर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
Tagsयोगाभ्यास
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





