न्यूज

पश्चिम बंगाल सरकार 'आयुष्मान भारत' को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध : सुवेंदु अधिकारी

jantaserishta.com
12 May 2026 10:58 AM IST
पश्चिम बंगाल सरकार आयुष्मान भारत को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध : सुवेंदु अधिकारी
x
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत योजना लागू होने के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि राज्य की डबल इंजन सरकार अब यह सुनिश्चित करेगी कि केंद्र की हर जनकल्याणकारी योजना अंतिम व्यक्ति तक बिना किसी रुकावट के पहुंचे। उन्होंने कहा कि बंगाल अब विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना लागू होने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि अब राज्य के लोगों को दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना का लाभ मिलेगा, जो सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की गारंटी देती है।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद के लिए हृदय से आभार। वर्षों तक पश्चिम बंगाल के लोग आपकी दूरदर्शी स्वास्थ्य और कल्याणकारी योजनाओं से वंचित रहे। अब डबल इंजन सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है ताकि आयुष्मान भारत सहित हर केंद्रीय योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। पश्चिम बंगाल आखिरकार विकास के रास्ते पर लौट आया है।"
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट में कहा, "पश्चिम बंगाल के मेरे भाई-बहनों का कल्याण सर्वोपरि है। मुझे खुशी है कि अब राज्य के लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिलेगा, जो बेहतरीन और किफायती इलाज सुनिश्चित करती है। साथ ही डबल इंजन सरकार केंद्र की महत्वपूर्ण योजनाओं को तेजी और पारदर्शिता के साथ लागू करेगी।"
बता दें कि आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना केंद्र सरकार की प्रमुख स्वास्थ्य योजना है, जिसे स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण लागू करता है। इस योजना के तहत गरीब और जरूरतमंद परिवारों को हर साल 5 लाख रुपए तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाता है।
सितंबर 2018 में शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story