न्यूज

एनसीआर में मौसम का बदलेगा मिजाज : 11-12 जून के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

jantaserishta.com
11 Jun 2026 10:10 AM IST
एनसीआर में मौसम का बदलेगा मिजाज : 11-12 जून के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
x
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने वाली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 11 जून के लिए ऑरेंज अलर्ट और 12 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान तेज आंधी, गरज-चमक, बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। इसके चलते अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज होने की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 11 जून को एनसीआर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बनेगी। विभाग ने चेतावनी दी है कि शाम के समय तेज सतही हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश, बिजली चमकने और गरज के साथ तूफानी गतिविधियां देखने को मिलेंगी। रात के समय मौसम और अधिक सक्रिय हो सकता है।
विभाग के अनुसार रात में भी तेज हवाएं चलेंगी तथा थंडरस्क्वॉल (आंधी-तूफान) की स्थिति बन सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है। इसी कारण 11 जून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 12 जून को मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इस दिन अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज होने की संभावना है और तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
सुबह, पूर्वाह्न, दोपहर और शाम के दौरान रुक-रुक कर हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। यानी महज 24 घंटे के भीतर अधिकतम तापमान में करीब 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिल सकती है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार सुबह से ही मौसम ने करवट ले ली है। कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई है, जिससे गर्मी से राहत महसूस की जा रही है।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभ और नमी वाली हवाओं के प्रभाव से पूरे एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम सक्रिय बना रहेगा। आईएमडी के अनुसार, 13 जून को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रहने की संभावना है। आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा तथा गरज-चमक विकसित होने की संभावना बनी रहेगी। हालांकि इस दिन कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।
14 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री, 15 जून को 38/27 डिग्री तथा 16 जून को 39/27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इन दिनों मौसम आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और कहीं-कहीं गरज-चमक की संभावना बनी रह सकती है, लेकिन कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि 11 और 12 जून के दौरान खराब मौसम को देखते हुए खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर संरचनाओं के नीचे खड़े होने से बचें। तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story