न्यूज
उत्तराखंड: मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, देहरादून में सभी स्कूल बंद, सीएम धामी ने दिए अलर्ट रहने के निर्देश
jantaserishta.com
5 Aug 2026 8:30 AM IST

x
देहरादून: उत्तराखंड में बुधवार तड़के से जारी मूसलाधार बारिश का असर पूरे प्रदेश में देखने को मिल रहा है। लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई जिलों में नदियां और बरसाती गधेरे उफान पर बह रहे हैं, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। वहीं, देहरादून के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित की गई है।
बारिश के चलते कई मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है और वाहनों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई है। संवेदनशील इलाकों में प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच आपदा प्रबंधन और जिला प्रशासन की टीमें सतर्क हैं व हालात पर निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और बरसाती गधेरों के किनारे नहीं जाने व मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
उधर, मौसम विभाग की ओर से जारी भारी वर्षा की संभावना के दृष्टिगत बुधवार को देहरादून जनपद में कक्षा 1 से 12 तक के समस्त स्कूलों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। जिला प्रशासन ने कहा कि भारी बारिश के कारण किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटित हो सकती है। आपदा न्यूनीकरण के मद्देनजर सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जिला मजिस्ट्रेट आशीष चौहान की ओर से जारी एक नोटिस में कहा गया, "वर्तमान में जनपद अंतर्गत हो रही वर्षा और मौसम विज्ञान विभाग देहरादून व एनडीएमए के सचेत पोर्टल की ओर से 4 अगस्त को जारी अपडेटेड फॉरकास्ट/नॉवकास्ट के अनुसार अगले 24 घंटों में देहरादून में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर भी हो सकते हैं। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने जनपद के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।"
नोटिस में कहा गया, "देहरादून जनपद में कक्षा 1 से 12 तक संचालित समस्त शासकीय, गैर-शासकीय और निजी विद्यालयों के साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र आज बंद रहेंगे। मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून और जिला कार्यक्रम अधिकारी देहरादून को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र की सभी शैक्षणिक संस्थाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों में इस आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराएं।"
वहीं, प्रदेश में भारी वर्षा की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार सुबह सचिव आपदा प्रबंधन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और सभी जिला प्रशासन को पूरी सतर्कता बरतने व किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी प्रदेशवासियों व पर्यटकों से अपील की है कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए विशेष सावधानी बरतें व अनावश्यक यात्रा से बचें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें।
Tagsउत्तराखंड
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





