न्यूज

अमेरिका ने ईरान पर लगातार सातवीं रात किए हवाई हमले, होर्मुज को लेकर बढ़ा तनाव

jantaserishta.com
18 July 2026 12:32 PM IST
अमेरिका ने ईरान पर लगातार सातवीं रात किए हवाई हमले, होर्मुज को लेकर बढ़ा तनाव
x
वाशिंगटन/तेहरान: अमेरिका ने शुक्रवार रात ईरान पर लगातार सातवीं रात हवाई हमले किए। अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के मुताबिक, देर रात (भारतीय समयानुसार ) शुरू हुए इन हमलों का उद्देश्य ईरान की सैन्य क्षमताओं को और कमजोर करना था।
ईरानी मीडिया के अनुसार, सिरिक, अहवाज और यज्द शहरों में धमाकों और हवाई हमलों की आवाजें सुनी गईं। देर रात इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट में दो तेल टैंकर बारूदी सुरंगों (माइंस) से टकराने के बाद विस्फोट का शिकार हुए। हालांकि, अमेरिकी सेना ने इस दावे को पूरी तरह गलत बताया।
शनिवार को आईआरजीसी ने दावा किया कि उसने बहरीन के शेख ईसा एयर बेस पर उस स्थान को निशाना बनाया, जहां अमेरिकी लड़ाकू विमान तैनात थे। इसके अलावा, बहरीन के बटेलको इंटेलिजेंस डेटा सेंटर पर भी हमला करने का दावा किया गया।
आईआरजीसी ने यह भी कहा कि उसने कुवैत के अल-अहमदी पोर्ट स्थित अमेरिकी नौसैनिक ईंधन सपोर्ट पियर और अमेरिकी सिग्नल एवं संचार केंद्र को निशाना बनाया। ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमलों के खतरे के बीच कुवैत ने एहतियातन अपने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया।
ईरान की सरकारी टीवी के मुताबिक, शुक्रवार को अमेरिकी हवाई हमलों में दक्षिणी होरमोजगान प्रांत के कई पुलों को निशाना बनाया गया, जिसमें 7 लोगों की मौत हुई। ये पुल ईरान के सबसे बड़े बंदरगाह, बंदर अब्बास, तक पहुंचने के लिए महत्वपूर्ण मार्ग माने जाते हैं।
इसके अलावा, चाबहार बंदरगाह पर स्थित एक टावर भी अमेरिकी हमले में गिरा दिया गया। अमेरिकी सेना का दावा है कि इस टावर का इस्तेमाल आईआरजीसी होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर हमलों को संचालित करने के लिए कर रही थी। अमेरिका ने ईरान के बिजली ढांचे और इरानशहर हवाई अड्डे को भी निशाना बनाया।
ईरान के ऊर्जा मंत्रालय ने नागरिकों से बिजली और एयर कंडीशनर का कम उपयोग करने की अपील की है। मंत्रालय के अनुसार, ऊर्जा ढांचे पर हमलों और भीषण गर्मी के कारण दक्षिणी इलाकों में बिजली व्यवस्था पर भारी दबाव है। स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता हुसैन केरमनपुर के अनुसार, शुक्रवार सुबह तक अमेरिकी हमलों में करीब 38 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 400 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
अमेरिका और ईरान के बीच जारी यह संघर्ष अब सातवें दिन में प्रवेश कर चुका है। दोनों देशों के बीच पहले हुआ अंतरिम समझौता, जिसका उद्देश्य होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखना और स्थायी युद्धविराम की दिशा में बातचीत करना था, अब लगभग निष्प्रभावी होता दिखाई दे रहा है। ईरान ने स्ट्रेट को बंद कर दिया है, जबकि अमेरिका ने बुधवार को ईरानी बंदरगाहों और जहाजों पर अपनी नाकेबंदी फिर से लागू कर दी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story