न्यूज
यूपी: ड्यूटी भत्ता में बढ़ोतरी और कैशलेस इलाज के ऐलान से पीआरडी जवानों में खुशी की लहर
jantaserishta.com
18 Aug 2026 4:57 PM IST

x
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री योगी ने दैनिक ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी के साथ-साथ जवानों और उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने की योजना का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब पीआरडी जवानों को प्रतिदिन 500 रुपए की जगह 600 रुपए ड्यूटी भत्ता मिलेगा। योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में पीआरडी जवानों के ड्यूटी भत्ते में यह चौथी बढ़ोतरी है। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद पीआरडी जवानों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीआरडी जवानों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा की भी बड़ी सौगात दी। अब पीआरडी स्वयंसेवकों को सपरिवार प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के मुफ्त कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड वितरित किए और ‘मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ किया। इस योजना के जरिए पीआरडी जवानों और उनके परिवार के सदस्यों को इलाज के लिए आर्थिक चिंता से राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों के लिए बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में भी कदम उठाया। उन्होंने लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास किया। सरकार की ओर से उठाए गए इन कदमों को पीआरडी जवानों की कार्य परिस्थितियों और कल्याण से जोड़कर देखा जा रहा है। ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी से जहां जवानों को आर्थिक लाभ मिलेगा, वहीं कैशलेस चिकित्सा योजना से उनके परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी सुरक्षा उपलब्ध होगी।
पीआरडी जवान उमेश कुमार ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर खुशी जताते हुए कहा कि उनके लिए यह गर्व का अवसर है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के हाथों उन्हें पांच लाख रुपए की कैशलेस बीमा योजना का लाभ मिला और दैनिक ड्यूटी भत्ते में भी 100 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। पहले उन्हें 500 रुपए प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता मिलता था, जिसे बढ़ाकर अब 600 रुपए कर दिया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात को भी अपने लिए खास अनुभव बताया। जवान ने कहा कि उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था कि मुख्यमंत्री से सीधे मुलाकात और बातचीत का मौका मिलेगा।
उन्होंने आगे कहा कि पीआरडी जवान चौराहों और यातायात व्यवस्था में भी ड्यूटी करते हैं। जवान पूरी मुस्तैदी और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने का प्रयास करते हैं और ड्यूटी के दौरान उनका पूरा ध्यान अपनी जिम्मेदारी पर रहता है।
पीआरडी जवान अनामिका वर्मा ने भी मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि सरकार पीआरडी विभाग के बारे में काफी सोच रही है और विभाग को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। पांच लाख रुपए तक की कैशलेस उपचार सुविधा केवल जवानों के लिए ही नहीं बल्कि उनके पूरे परिवार के लिए है। सरकार के इस फैसले से जवानों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। पीआरडी जवान अपनी ड्यूटी बेहतर तरीके से निभाने की पूरी कोशिश करते हैं और उनका प्रयास रहता है कि विभाग की जिम्मेदारी में अपना पूरा योगदान दें।
Tagsयूपी
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





