न्यूज
इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास के बाद नेमार के क्लब करियर पर भी सस्पेंस, सैंटोस ने फैसला लेने की खातिर दिया समय
jantaserishta.com
9 July 2026 8:20 AM IST

x
रियो डी जनेरियो: ब्राजील के फीफा वर्ल्ड कप के राउंड-ऑफ-16 से बाहर होने और स्टार फुटबॉलर नेमार के अंतरराष्ट्रीय संन्यास के ऐलान के बाद अब उनके क्लब करियर को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है। ब्राजील मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बचपन के क्लब सैंटोस ने नेमार को अपने भविष्य पर विचार करने के लिए कुछ दिनों की छुट्टी दी है और उनके फैसले का इंतजार किया जा रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 34 वर्षीय नेमार के सैंटोस के साथ मौजूदा अनुबंध में अभी छह महीने का समय बाकी है। हालांकि स्थानीय मीडिया में इस बात को लेकर अटकलें तेज हैं कि क्या अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने के बाद वह क्लब स्तर पर भी खेलना जारी रखेंगे या नहीं। बताया गया है कि सैंटोस प्रबंधन छुट्टियों के बाद नेमार और उनके प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनके अगले कदम पर चर्चा करेगा।
नेमार फिलहाल अपने परिवार के साथ अमेरिका में ही समय बिताएंगे और उन्हें कम से कम 10 दिनों का अवकाश दिया गया है। उन्होंने रविवार को न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में नॉर्वे के खिलाफ 2-1 की हार के बाद ब्राजील की राष्ट्रीय टीम से संन्यास लेने की घोषणा की थी। इस हार के साथ ब्राजील का फीफा वर्ल्ड कप 2026 में सफर समाप्त हो गया था।
ब्राजील के बाहर होने के बाद नेमार ने संन्यास का ऐलान करते हुए कहा था, "मैंने पूरी कोशिश की। अब यह सफर खत्म हो गया है। मैंने यहीं से शुरुआत की थी और यहीं इसका अंत भी हुआ।" ब्राजील की हार के बाद नेमार के पिता ने भी सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने अपने बेटे से क्लब फुटबॉल जारी रखने की अपील करते हुए लिखा, "एक पिता के तौर पर मेरी सिर्फ एक इच्छा है कि नेमार, फुटबॉल खेलते रहो। गेंद को फिर से अपने पैरों में महसूस करो और मैदान पर मुस्कुराते हुए लौटो।"
जनवरी 2025 में अपने बचपन के क्लब सैंटोस में वापसी करने वाले नेमार ने अब तक सभी प्रतियोगिताओं में 43 मैच खेले हैं। ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने लगातार चोटों और लगभग तीन साल की अंतरराष्ट्रीय गैरमौजूदगी के बावजूद उन्हें विश्व कप टीम में शामिल किया था। टूर्नामेंट में नेमार दो मुकाबलों में स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में उतरे और नॉर्वे के खिलाफ पेनल्टी पर गोल भी किया। अब फुटबॉल जगत की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नेमार क्लब स्तर पर अपना करियर जारी रखते हैं या संन्यास का फैसला लेते हैं।
Tagsनेमार
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





