न्यूज
अमरोहा में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल
jantaserishta.com
17 July 2026 8:07 AM IST

x
अमरोहा: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद परिवारों में कोहराम मचा है।
जानकारी के अनुसार, अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के बाईपास रोड पर शुक्रवार को सड़क हादसा हुआ। एक ही बाइक पर सवार तीन युवक अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आए एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान प्रिंस पुत्र हरिश्चंद्र और दीपांशु पुत्र अमित के रूप में हुई है। वहीं, तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मुरादाबाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की खबर मिलते ही दोनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया और अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि दोनों युवकों को अस्पताल लाए जाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। घायल युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे तत्काल हायर सेंटर भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
अमरोहा जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर चंद्रपाल सिंह ने बताया, "लड़के मोटरसाइकिल पर थे। यह हादसा कैल्सा बाईपास के पास हुआ। उनमें से दो की मौत हो चुकी थी। दोनों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। एक लड़के वरुण को घायल हालत में लाया गया था। हमने उसे प्राथमिक उपचार दिया, भर्ती किया और बाद में उसके परिवार वाले उसे एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। उसकी हालत स्थिर है और वह बच सकता है, लेकिन उसकी कमर में गंभीर चोट है।"
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
Tagsअमरोहा
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





