न्यूज

ट्विशा शर्मा मौत मामला: सीबीआई ने चार्जशीट दाखिल की, पति और सास पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप

jantaserishta.com
17 Aug 2026 2:59 PM IST
ट्विशा शर्मा मौत मामला: सीबीआई ने चार्जशीट दाखिल की, पति और सास पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप
x
नई दिल्ली: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मॉडल-अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने सोमवार को 636 पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर दी। चार्जशीट में ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को आरोपी बनाया गया है।
जांच एजेंसी ने दोनों पर दहेज की मांग और ट्विशा को आत्महत्या के लिए उकसाने समेत गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों आरोपी 2 जून से भोपाल सेंट्रल जेल में बंद हैं। सीबीआई की जांच में ट्विशा शर्मा की मौत को आत्महत्या माना गया है। मामले में सामने आई दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी मौत के तरीके को लेकर आत्महत्या की दिशा में जाती है। हालांकि, इससे पहले जुलाई में एम्स दिल्ली के मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट को लेकर जांच एजेंसी ने कहा था कि जिम्नास्टिक बेल्ट पर मिले त्वचा के ऊतक ट्विशा की गर्दन पर मिले चोट के निशानों से मेल खाते हैं। यह बेल्ट कथित तौर पर फंदे के तौर पर इस्तेमाल हुई थी।
ट्विशा के परिवार ने पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर गंभीर सवाल उठाए थे। परिजनों ने आरोप लगाया था कि जांच और पोस्टमार्टम के दौरान तथ्यों से छेड़छाड़ की गई और ससुराल पक्ष के प्रभाव के कारण मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई। परिवार ने ट्विशा की हत्या की आशंका जताते हुए दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी।
परिवार की आपत्तियों के बाद मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के निर्देश पर दिल्ली एम्स के डॉक्टरों की टीम ने 24 मई को भोपाल एम्स में ट्विशा का दूसरा पोस्टमार्टम किया था। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया था। हाईकोर्ट के आदेश के बाद ही मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी।
जांच के दौरान सीबीआई ने समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह के वॉइस सैंपल लेने की कोशिश भी की थी। आरोपियों ने जांच एजेंसी के उस दावे का विरोध किया था कि उन्होंने आवाज के नमूने देने में सहयोग नहीं किया। बचाव पक्ष ने सैंपल लेने की प्रक्रिया के दौरान अधिकारियों के व्यवहार पर भी अदालत में आपत्ति दर्ज कराई थी। इसके अलावा सीबीआई ने घटना के बाद समर्थ सिंह के संपर्क में आए लोगों से पूछताछ और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच भी की।
636 पन्नों की चार्जशीट दाखिल होने के बाद सीबीआई ने आत्महत्या के लिए उकसाने और दहेज संबंधी आरोपों को आधार बनाकर दोनों आरोपियों के खिलाफ अभियोजन आगे बढ़ाने की तैयारी की है। मामले में अब अदालत में चार्जशीट के आधार पर आगे की न्यायिक प्रक्रिया जारी रहेगी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story