न्यूज

बंगाल में टीएमसी की कार्यशैली से कार्यकर्ता बेचैन, सुशासन और विकास की राह पर भारत: गुलाम अली खटाना

jantaserishta.com
9 Jun 2026 2:14 PM IST
बंगाल में टीएमसी की कार्यशैली से कार्यकर्ता बेचैन, सुशासन और विकास की राह पर भारत: गुलाम अली खटाना
x
नई दिल्ली: भाजपा के राज्यसभा सांसद गुलाम अली खटाना ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के भीतर बढ़ रही कथित अस्थिरता को पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था के खिलाफ जनता के बढ़ते विरोध का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय दलों, विशेषकर टीएमसी में लोकतांत्रिक मूल्यों का अभाव रहा है और कार्यकर्ताओं की आवाज को दबाया जाता रहा है।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में खटाना ने कहा कि टीएमसी के अंदर जो बेचैनी दिखाई दे रही है, वह इस बात का संकेत है कि वहां कार्यकर्ताओं की सुनवाई नहीं होती थी। क्षेत्रीय दलों, खासकर टीएमसी की कार्यप्रणाली अलोकतांत्रिक रही है। पश्चिम बंगाल के लोगों ने जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कानून के शासन, भ्रष्टाचार मुक्त और अवैध घुसपैठ से मुक्त बंगाल की उम्मीद देखी, तब बदलाव की यह प्रक्रिया शुरू हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल लंबे समय तक भ्रष्टाचार, हिंसा और अवैध घुसपैठ जैसी समस्याओं से जूझता रहा है। उनके अनुसार, राज्य में अब बदलाव की मांग तेज हो रही है और लोग कथित राजनीतिक दबाव से बाहर निकल रहे हैं।
टीएमसी सांसद की ओर से यूसुफ पठान को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए खटाना ने कहा कि कोई भी नेता कुछ भी कह सकता है, लेकिन यह सच है कि बंगाल के सामने अवैध घुसपैठ, भ्रष्टाचार और विकास के अभाव जैसी गंभीर चुनौतियां रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब सुशासन और विकास चाहती है। इससे पहले टीएमसी नेता की ओर से पार्टी सांसदों के टूटने की खबरों को खारिज किया गया था। इस पर भाजपा सांसद ने कहा कि राजनीतिक घटनाक्रम समाज और देश के सामने हैं और लोग स्वयं स्थिति का आकलन कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर गुलाम अली खटाना ने उनकी नेतृत्व क्षमता और विकास की नीतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों को देश की सबसे बड़ी ताकत माना है। 'सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास' केवल एक नारा नहीं, बल्कि शासन की कार्यशैली का हिस्सा बना है। जब नरेंद्र मोदी ने देश की कमान संभाली थी, तब देश विभिन्न घोटालों और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा था। 2जी स्पेक्ट्रम घोटाला, कॉमनवेल्थ घोटाला और कोयला आवंटन जैसे मामलों ने देश की छवि को नुकसान पहुंचाया था। लेकिन आज प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी), डिजिटल भुगतान और रियल टाइम ट्रांजेक्शन के क्षेत्र में भारत दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल है।
भाजपा सांसद ने कहा कि भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि वैश्विक कंपनियां भारत में निवेश कर रही हैं और देश दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप, नवाचार और 'वोकल फॉर लोकल' जैसी पहल ने युवाओं को नए अवसर प्रदान किए हैं।
इंडिया गठबंधन की बैठक पर प्रतिक्रिया देते हुए गुलाम अली खटाना ने कांग्रेस और विपक्षी दलों की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि संसद में विपक्ष की भूमिका जनता के मुद्दे उठाने की होनी चाहिए, लेकिन कई बार संसद का समय बाधित करने और अनावश्यक विवाद खड़े करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल विभिन्न राज्यों में एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ते हैं, जिससे उनके बीच वैचारिक एकता पर सवाल खड़े होते हैं। "देश की जनता अब विकास, सुशासन और विकसित भारत के विजन के साथ खड़ी दिखाई देती है। युवा वर्ग भी प्रधानमंत्री मोदी के स्टार्टअप और आत्मनिर्भर भारत के विचार से जुड़ना चाहता है।"
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story