न्यूज
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: क्राइम ब्रांच यूनिट-2 को सौंपी गई जांच, अब एसीपी सदाशिव राणे संभालेंगे कमान
jantaserishta.com
13 Nov 2026 11:35 AM IST

x
मुंबई: अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस ने जांच को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल (एईसी) से इस हाई-प्रोफाइल केस की जांच वापस लेकर क्राइम ब्रांच की यूनिट-2 को सौंप दी गई है। मामले में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून (मकोका) की धाराएं लगने के बाद जांच की जिम्मेदारी में यह बदलाव किया गया है।
अब सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सदाशिव राणे इस मामले के नए जांच अधिकारी होंगे। उनकी मदद के लिए यूनिट-2 की एक विशेष टीम भी बनाई गई है। इस बदलाव को मुंबई पुलिस आयुक्त के एक अहम फैसले के तौर पर देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस आयुक्त ने क्राइम ब्रांच की यूनिट एंटी-एक्सटॉर्शन सेल को अपने पास मौजूद तीन से चार महत्वपूर्ण और हाई-प्रोफाइल मामलों की जांच दूसरी क्राइम ब्रांच यूनिट्स को सौंपने का निर्देश दिया है। इसके बाद टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस को भी एईसी से लेकर यूनिट-2 को सौंप दिया गया। इस फैसले के बाद क्राइम ब्रांच के भीतर हलचल तेज हो गई है।
क्राइम ब्रांच के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जांच टीम में बदलाव की वजह बताते हुए कहा कि मकोका के कानूनी प्रावधानों के तहत इस कानून के अंतर्गत आने वाले मामलों की जांच एसीपी स्तर के अधिकारी द्वारा की जानी जरूरी है। इसी नियम को ध्यान में रखते हुए टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस की जांच एसीपी सदाशिव राणे को सौंपी गई है। अब नई टीम मकोका के तहत मामले की आगे की जांच करेगी।
टाइगर श्रॉफ पर 18 अक्टूबर को फायरिंग हुई थी। जुहू इलाके में फुटबॉल ग्राउंड और क्लब के पास फायरिंग की घटना हुई थी। उस समय टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलकर निकल रहे थे। इसी दौरान उन्हें निशाना बनाया गया। इस फायरिंग में टाइगर के ड्राइवर फिरदौस और एक ऑटो चालक राकेश घायल हो गए थे। मामले की शुरुआती जांच में पुलिस को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों के कथित कनेक्शन का पता चला।
जांच में फूल सिंह, रेहान और ऋतिक उर्फ रोशन समेत कई नाम सामने आए और बताया गया कि आरोपियों ने फायरिंग की साजिश को अंजाम देने के लिए इलाके की रेकी की थी। जांच के दौरान घटनास्थल से पांच खाली कारतूस और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।
इस मामले में पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए 27 अक्टूबर को पुलिस ने इसमें मकोका की धाराएं भी जोड़ दीं।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





