न्यूज
'टीम को अपनी ताकत पर भरोसा रखना होगा', इंग्लैंड के खिलाफ मैच से पहले बोले नॉर्वे के हेड कोच सोलबैकेन
jantaserishta.com
11 July 2026 11:49 AM IST

x
मियामी: नॉर्वे के हेड कोच स्टेल सोलबैकेन ने कहा है कि उनकी टीम को फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ अपनी पहचान और खेलने के अंदाज को बनाए रखना होगा। उन्होंने कहा कि टीम को अपनी ताकत पर भरोसा रखना होगा और वैसा ही खेलना होगा जैसा वह अब तक टूर्नामेंट में खेलते आए हैं।
मैच से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में सोलबैकेन ने कहा कि नॉर्वे टीम को दबाव में आकर अपनी रणनीति बदलने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, "मैं नॉर्वे की ऐसी टीम देखना चाहता हूं जो अपनी ताकत के अनुसार खेले और वैसा ही प्रदर्शन करे, जैसा उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में किया है।" नॉर्वे मियामी स्टेडियम में पहली बार वर्ल्ड कप का क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेलने उतरेगा। वहीं, इंग्लैंड ने लगातार तीसरी बार क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है।
नॉर्वे के कोच ने इंग्लैंड की मजबूत टीम की तारीफ की और उनके स्टार खिलाड़ी जूड बेलिंगहैम और हैरी केन का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड के पास कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो किसी भी समय मैच का रुख बदल सकते हैं। सोलबैकेन ने कहा, "इंग्लैंड जैसी टीम के खिलाफ खेलना आसान नहीं होगा। उनके पास बेलिंगहैम और केन जैसे शानदार खिलाड़ी हैं, जो कई तरीकों से गोल कर सकते हैं। हमें मजबूत डिफेंस के साथ खेलना होगा, लेकिन सबसे जरूरी है कि हम गेंद पर अपना नियंत्रण बनाए रखें।"
मुकाबले में नॉर्वे के एरलिंग हालैंड और इंग्लैंड के हैरी केन के बीच होने वाले मुकाबले पर भी सभी की नजरें हैं। हालांकि, सोलबैकेन ने कहा कि यह सिर्फ दो खिलाड़ियों के बीच की लड़ाई नहीं है, बल्कि नॉर्वे और इंग्लैंड का मुकाबला है। उन्होंने कहा, "यह नॉर्वे बनाम इंग्लैंड का मैच है, लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि केन इंग्लैंड के सबसे बड़े मैच विनर हैं और हालैंड हमारे लिए सबसे अहम खिलाड़ी हैं।"
हालैंड ने इस वर्ल्ड कप में अब तक चार मैचों में सात गोल किए हैं और अपनी टीम को क्वार्टर फाइनल तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई है। दूसरी ओर, हैरी केन ने टूर्नामेंट में छह गोल किए हैं और उनके वर्ल्ड कप करियर के कुल गोलों की संख्या 14 हो गई है। हालैंड ने भी इस मुकाबले को खास बताया है।
इंग्लैंड में जन्मे हालैंड के लिए यह मैच भावनात्मक भी होगा, क्योंकि वह इंग्लैंड के खिलाफ खेलेंगे और उनके कई क्लब साथी भी विपक्षी टीम में होंगे। उन्होंने कहा, "यह मेरे लिए बहुत खास मुकाबला है। मेरा जन्म इंग्लैंड में हुआ है और मैं वहां खेलता भी हूं। इसके साथ ही कई साथी खिलाड़ियों के खिलाफ मैदान पर उतरना इसे और खास बनाता है। यह एक मजेदार मुकाबला होगा।"
सोलबैकेन ने भरोसा जताया है कि अगर उनकी टीम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करती है तो वह इंग्लैंड को हरा सकती है। कोच ने कहा, "खिलाड़ियों को विश्वास है कि वे इंग्लैंड को हरा सकते हैं, लेकिन इसके लिए हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। अगर हम अपना पूरा दम नहीं लगाते हैं तो इंग्लैंड आगे निकल जाएगा।" कोच ने कहा कि थोड़ा दबाव खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है।
Tagsनॉर्वे
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





