न्यूज

देश की सबसे बड़ी समस्या है आबादी, नेता, सिस्टम और अशिक्षा : शेखर सुमन

jantaserishta.com
7 Jun 2026 10:17 AM IST
देश की सबसे बड़ी समस्या है आबादी, नेता, सिस्टम और अशिक्षा : शेखर सुमन
x
मुंबई: अभिनेता -होस्ट शेखर सुमन अपनी हालिया रिलीज वेब शो ‘द पिरामिड स्कीम’ में अपने किरदार को लेकर चर्चा में हैं। इस बीच अभिनेता ने समाज की वर्तमान स्थिति पर खुलकर बात की। शो के प्रमोशन के दौरान उन्होंने कहा कि देश में अशिक्षा, बढ़ती आबादी, नेता और सिस्टम की वजह से लोग बार-बार झूठे वादों और घोटालों का शिकार बनते जा रहे हैं।
शेखर सुमन ने आईएएनएस से बातचीत में बताया, “एक बड़ी वजह है यहां की आबादी, नेता, सिस्टम और साक्षरता का स्तर। अशिक्षित होने के कारण बहुत सी बातें लोगों को समझ नहीं आतीं। कुछ लोग खुद बेवकूफ बनते हैं और मूर्ख बनाने वाले हमेशा तैयार रहते हैं।”
शेखर सुमन का कहना है कि शिक्षा और जागरूकता ही ऐसी स्कीमों से बचने का सबसे अच्छा तरीका है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना सोचे-समझे किसी भी आसान पैसे वाले प्रस्ताव में न फंसें।
देश की बढ़ती आबादी और सिस्टम की कमियों पर भी शेखर सुमन ने चिंता जताई। उनका मानना है कि जब तक शिक्षा का स्तर नहीं सुधरेगा, लोग बार-बार ऐसे झांसे में फंसते रहेंगे।
उन्होंने तेजी से अमीर बनाने वाली स्कीमों पर निशाना साधते हुए कहा, “जो लोग रातों-रात अमीर बनाने की बात करते हैं, जो कहते हैं कि कल, परसों या महीने के अंत में आपको इतना पैसा मिल जाएगा- सबसे पहले उन्हें पकड़ो और उनकी पिटाई करो।”
शेखर सुमन ने आगे जोड़ा कि अगर पैसा कमाना इतना आसान होता तो पूरी दुनिया अमीर होती और कोई गरीब नहीं बचता। उन्होंने इसे साफ तौर पर घोटाला बताया। अभिनेता ने अपनी पुरानी घटना भी साझा की। साल 2000 में किसी व्यक्ति ने उन्हें ऐसी ही स्कीम समझाने की कोशिश की थी। शुरुआत में सुनने में आकर्षक लगी, लेकिन शेखर सुमन को शक हो गया और उन्होंने समय रहते उसे पकड़ लिया।
‘द पिरामिड स्कीम’ सीरीज पिरामिड स्कीम की दुनिया पर आधारित है, जिसमें लोग जल्दी पैसा कमाने के चक्कर में फंस जाते हैं। शो में शेखर सुमन के अलावा रणवीर शौरी, श्रेयांश पांडे, परमवीर चीमा, अंजन श्रीवास्तव, अल्फिया जाफरी, आशीष राघव, अखिलेंद्र मिश्रा, स्मिता बंसल समेत अन्य कई कलाकार शामिल हैं।
द वायरल फीवर की सीरीज के निर्माता श्रेयांश पांडे और आशीष आर शुक्ला व श्रेयांश पांडे निर्देशक हैं, जो प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story