न्यूज

तमिलनाडु के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार, अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का पूर्वानुमान

jantaserishta.com
3 May 2026 10:03 AM IST
तमिलनाडु के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार, अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का पूर्वानुमान
x
चेन्नई: तमिलनाडु में एक तरफ जहां कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, वहीं दूसरी ओर कई जिलों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश और आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है।
चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, तमिलनाडु और पड़ोसी पुडुचेरी के कम से कम 12 स्थानों पर अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है, जो बढ़ती गर्मी का संकेत है। वेल्लोर में सबसे ज्यादा तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा।
तिरुचिरापल्ली, चेन्नई (मीनाम्बक्कम) और मदुरै एयरपोर्ट में तापमान करीब 40 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं मदुरै शहर, तिरुपत्तूर और धर्मपुरी में तापमान लगभग 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इरोड, करूर, परमथी और तिरुत्तनी जैसे जिलों में तापमान 38.9 डिग्री के आसपास पहुंचा, जबकि नागपट्टिनम में करीब 38.3 डिग्री दर्ज किया गया।
पालायमकोट्टई और पुडुचेरी में तापमान 37.8 डिग्री तक पहुंच गया। चेन्नई में रविवार को अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अधिक नमी के कारण उमस बढ़ेगी, जिससे गर्मी और ज्यादा महसूस होगी। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, तापमान और नमी का यह मेल अगले तीन दिनों में कई जगहों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश का कारण बन सकता है।
हालांकि बारिश से गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन इसके साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा। आईएमडी ने लोगों को दोपहर के समय खास सावधानी बरतने की सलाह दी है। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की हिदायत दी गई है।
अधिकारियों के अनुसार, यह समय गर्मी के चरम और प्री-मानसून गतिविधियों के बीच का होता है, जिससे मौसम अस्थिर बना रहता है। आने वाले दिनों में गर्मी और बारिश के बीच यह उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story