न्यूज

ठाणे के मुंब्रा में बारिश के पानी में करंट से किशोरी की मौत, मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित

jantaserishta.com
3 July 2026 10:36 AM IST
ठाणे के मुंब्रा में बारिश के पानी में करंट से किशोरी की मौत, मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित
x
ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुंब्रा क्षेत्र में बारिश के दौरान एक हादसे में 17 वर्षीय लड़की की करंट लगने से मौत हो गई। पिछले 24 घंटों में शहर के कई हिस्सों में 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई।
जानकारी के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब युवती सड़क पार कर अपने पिता की दुकान की ओर जा रही थी। लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर पानी जमा था। परिजनों का आरोप है कि बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते पानी में करंट फैल गया, जिससे जैसे ही लड़की ने पानी में कदम रखा, उसे बिजली का तेज झटका लगा। वह मौके पर ही गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई। मुंब्रा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मृतका के चाचा मोहम्मद चांदीवाला ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि हादसा भारी बारिश के दौरान हुआ। उनके अनुसार, सड़क पर भरे पानी में बिजली का करंट था, जिसके कारण युवती की जान चली गई। उन्होंने इस घटना के लिए बिजली विभाग की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उधर, लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने मुंबई में भी जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे यातायात और उपनगरीय लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहीं। पिछले 24 घंटों में शहर के कई हिस्सों में 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई।
दादर, परेल, हिंदमाता, चारकोप, वर्ली, गोरेगांव और अंधेरी जैसे इलाकों की सड़कों पर पानी भर जाने से वाहन चालकों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई मार्गों पर ट्रैफिक की रफ्तार बेहद धीमी रही।
वहीं, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार, रेलवे ट्रैक पर बड़े स्तर पर जलभराव नहीं हुआ लेकिन इसके बावजूद कई उपनगरीय लोकल ट्रेनें 10 से 15 मिनट की देरी से चलीं। सुबह के व्यस्त समय में स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ भी बढ़ गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई और उसके उपनगरों में शुक्रवार तड़के तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई है।
बीएमसी के अनुसार, शुक्रवार तड़के 1:31 बजे 3.71 मीटर का उच्च ज्वार और शाम 7:49 बजे 1.82 मीटर का निम्न ज्वार रहने का अनुमान है। पूर्वी उपनगरों में सबसे अधिक औसत 189 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि सांताक्रूज एसडब्ल्यूएम वर्कशॉप और भांडुप एस वार्ड कार्यालय में 238.8 मिमी, पवई में 234.6 मिमी तथा विक्रोली में 233.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story