न्यूज

आंखों में आंसू, जीत का यादगार जश्न, 41 साल की उम्र में चैंपियन बने रोनाल्डो का दिखा 'अनोखा' अंदाज

jantaserishta.com
22 May 2026 1:41 PM IST
आंखों में आंसू, जीत का यादगार जश्न, 41 साल की उम्र में चैंपियन बने रोनाल्डो का दिखा अनोखा अंदाज
x
नई दिल्ली: आंखों से टपकते आंसू, चेहरे पर सुकून और जीत की खुशी। गुरुवार को अल नासर के सऊदी प्रो लीग का खिताब जीतने के बाद क्रिस्टियानो रोनाल्डो का अलग ही अवतार मैदान पर देखने को मिला। रोनाल्डो ने दो गोल दागे, मैदान से बाहर जाते हुए भावुक हुए और फिर अनोखे अंदाज में जीत का जश्न भी मनाया। 41 साल की उम्र में चैंपियन बने रोनाल्डो को देखकर ऐसा लगा कि मानो किसी युवा खिलाड़ी ने अपने करियर में पहली बार ट्रॉफी जीती हो।
जनवरी 2023 में अल नासर क्लब से जुड़े रोनाल्डो ने पहली बार टीम को चैंपियन बनाया। दमैक के खिलाफ अल नासर ने 4-1 से जीत दर्ज करते हुए सऊदी प्रो लीग का खिताब अपने नाम किया। टीम के इस खिताबी सफर में रोनाल्डो का रोल काफी अहम रहा। दमैक के खिलाफ भी पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी ने फ्री किक पर एक गोल किया, जबकि दूसरा गोल गोलकीपर को छकाते हुए दागा। इस लीग में रोनाल्डो ने कुल 28 गोल किए।
मैच खत्म होने से तीन मिनट पहले रोनाल्डो जब मैदान से बाहर जाने लगे, तो तमाम फैंस ने अपनी सीटों पर खड़े होकर उनके लिए तालियां बजाईं। यह पल रोनाल्डो को भावुक कर गया, और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। डगआउट में पहुंचने के बाद भी रोनाल्डो अपनी भावनाओं पर काबू नहीं कर सके और सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो में फूट-फूटकर रोते हुए दिखाई दिए। हालांकि, ये आंसू खुशी के थे, क्योंकि इस ट्रॉफी को पाने के लिए रोनाल्डो ने अल नासर की ओर से खेलते हुए तीन साल से ज्यादा समय का इंतजार किया।
मैच के बाद रोनाल्डो ट्रॉफी लेने के लिए पहुंचे, तो उन्होंने अपने सिर पर एक कपड़ा बांध रखा था। ट्रॉफी लेने के बाद वह टीम के साथ स्टेज पर जश्न मनाते हुए भी दिखाई दिए। इसके बाद मैदान पर रोनाल्डो फैंस की तरफ भी पहुंचे। उन्होंने स्टैंड्स से एक ड्रम लिया और उसको गोल पोस्ट के पास जाकर बजाते हुए नजर आए। रोनाल्डो को शायद ही इससे पहले कभी इस तरह से जश्न मनाते हुए देखा गया होगा। क्लब को खिताब दिलाने की खुशी उनके चेहरे पर साफतौर पर झलक रही थी। यह खिताब फीफा वर्ल्ड कप 2026 से पहले रोनाल्डो का आत्मविश्वास बढ़ाने का काम करेगा। अपना छठा और शायद आखिरी विश्व कप खेलने जा रहे रोनाल्डो से पुर्तगाल के फैंस को भी दमदार प्रदर्शन की आस होगी। खुद रोनाल्डो इस वर्ल्ड कप को अपने शानदार खेल के बूते यादगार बनाने का हरसंभव प्रयास जरूर करेंगे।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story