न्यूज

समाजवादी पार्टी में टूट तय, 'बागी भूमि' का एक लाल करेगा नेतृत्व: ओमप्रकाश राजभर

jantaserishta.com
18 Jun 2026 11:22 AM IST
समाजवादी पार्टी में टूट तय, बागी भूमि का एक लाल करेगा नेतृत्व: ओमप्रकाश राजभर
x
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) के प्रमुख ओमप्रकाश राजभर (ओपी राजभर) ने समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट का दावा किया है। उन्होंने कहा कि सपा के बागी सांसदों के गुट का नेतृत्व उत्तर प्रदेश की 'बागी भूमि' का एक लाल करेगा। इसके साथ ही, अखिलेश यादव को लेकर राजभर ने कहा कि उन्हें सांसद बचाओ अभियान शुरू कर देना चाहिए।
उत्तर प्रदेश में तृणमूल कांग्रेस की तर्ज पर नेताओं के पाला बदलने का दावा करने के एक दिन बाद ओमप्रकाश राजभर ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "बुधवार से सब पूछ रहे हो कि सपा में क्या टूट होने वाली है? तो सुनो, सपा के बागी सांसदों के गुट का नेतृत्व उत्तर प्रदेश की 'बागी भूमि' का एक लाल करेगा।"
राजभर ने समाजवादी पार्टी में टूट का कारण भी बताया है। उन्होंने लिखा, "बुधवार को जिस तरह से सपा कार्यालय में सम्मेलन के नाम पर ब्राह्मणों को तिरस्कृत किया गया, उससे 'बागी बलिया' का लाल बहुत आहत है। योजना पहले से थी, लेकिन कल कि घटना ने आग में घी डालने का काम कर दिया है। टूट होकर रहेगी।"
अखिलेश यादव और उनके परिवार पर निशाना साधते हुए ओपी राजभर ने कहा, "मेरी एक प्रतिक्रिया पर जिस तरह से पूरा सैफई खानदान मुझे गाली देने और सफाई देने में जुट गया, उससे ज्यादा बेहतर है कि अखिलेश बाबू ट्विटर, ऐसी और पीसी वाली नेतागिरी छोड़कर अब सांसद बचाओ अभियान शुरू कर दें। साथ ही, दुखी व निराश सांसदों के घर जाकर उनसे माफी मांगें।"
इससे पहले, बुधवार को ओपी राजभर ने दावा किया था कि उत्तर प्रदेश में जल्द ही पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र जैसी राजनीतिक उथल-पुथल देखने को मिल सकती है, क्योंकि समाजवादी पार्टी में जल्द ही अंदरूनी फूट होगी और कई सांसद सत्ताधारी भाजपा में शामिल हो जाएंगे।
आईएएनएस से बात करते हुए राजभर ने कहा कि मुख्य विपक्षी पार्टी के कई नेता पाला बदलने के लिए तैयार बैठे हैं। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ सांसद राम गोपाल यादव की ओर से गृह मंत्री अमित शाह को लिखे गए एक पत्र का जिक्र करते हुए इसे आने वाले दिनों में संभावित पाला-बदल की 'पुष्टि' बताया।
वहीं, गुरुवार को ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के 'पीडीए' को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "पीडीए यानी 'पीट देगा अहीर' और 'पीट देगा अल्पसंख्यक' (सपाई) की दूसरी किस्त जारी नहीं करेगा? दलितों पर सपाई यादवों और सपाई मुसलमानों के अत्याचार को जोनवार और कमिश्नरेटवार सार्वजनिक नहीं करेगा? तो यह तुम्हारी गलतफहमी है।"
इसके साथ ही, राजभर ने कुछ जिलों के आंकड़े जारी किए और आरोप लगाया कि यादवों व मुसलमानों ने दलितों पर बेहिसाब क्रूरता की है। उन्होंने पोस्ट में लिखा, "ऐसा नहीं है कि ये सब अपराध करके बच जा रहे हैं। यूपी पुलिस सबका कायदे से उपचार भी कर रही है।"
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story