न्यूज

ईस्ट दिल्ली के खिलाफ मिली जीत से गदगद साउथ दिल्ली के कप्तान आयुष, बोले- सकारात्मक माहौल का मिला फायदा

jantaserishta.com
13 Aug 2026 3:39 PM IST
ईस्ट दिल्ली के खिलाफ मिली जीत से गदगद साउथ दिल्ली के कप्तान आयुष, बोले- सकारात्मक माहौल का मिला फायदा
x
नई दिल्ली: दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करते हुए ईस्ट दिल्ली राइडर्स के खिलाफ 9 विकेट से बड़ी जीत हासिल की। ​​टीम की इस शानदार वापसी का श्रेय कप्तान आयुष बदोनी ने ड्रेसिंग रूम के सकारात्मक माहौल को दिया। इसके साथ ही उन्होंने बल्लेबाजों के प्रदर्शन की भी सराहना की।
मैच के बाद बदोनी ने कहा, "यह हमारे लिए बहुत अच्छी जीत थी। हमने पहले दो मैच गंवाए थे, लेकिन टीम का माहौल हमेशा सकारात्मक रहा। हमारी टीम की सबसे अच्छी बात यही है कि हम हमेशा सकारात्मक रहते हैं और जानते हैं कि वापसी कैसे करनी है, और आज ठीक वैसा ही हुआ।"
बदोनी ने टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, "ओपनिंग जोड़ी ने शानदार मंच तैयार किया। सनत सांगवान और अनमोल शर्मा दोनों ने बहुत अच्छा खेला और उनसे जैसी उम्मीद थी, वैसा ही प्रदर्शन किया।" बदोनी ने अपनी आक्रामक पारी के दौरान लगातार तीन छक्के लगाकर मैच का रुख अपनी टीम की ओर मोड़ने के समय अपनी सोच के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा, "जब मैं क्रीज पर गया, तो मुझे एहसास हुआ कि पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल है। चूंकि हमारी बल्लेबाजी लाइनअप मजबूत है, इसलिए मैंने सोचा कि मुझे रन रेट बढ़ाना चाहिए।"
उन्होंने तेज गेंदबाज अंशुमन हुड्डा की भी प्रशंसा की। बदोनी ने कहा, "अंशुमन हमारे लिए जबरदस्त गेंदबाज रहे हैं। वह अहम मौकों पर विकेट लेते हैं और मुझे खुशी है कि वह हमारी टीम का हिस्सा हैं। मुझे लगता है कि उनके पास पर्पल कैप जीतने का अच्छा मौका है और मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।"
इससे पहले मैच में, ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 191 रन बनाए। टीम की ओर से सुजल सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों में 63 रनों की अहम पारी खेली। वहीं, सूर्यांश रैना ने 26 गेंदों में 38 रन बनाए। गेंदबाजी में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स की ओर से अंशुमन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए।
हालांकि, 192 रनों के लक्ष्य को साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने 16.5 ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर हासिल किया। सनत सांगवान ने 33 गेंदों में 57 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि अनमोल शर्मा ने 43 गेंदों में नाबाद 65 रन बनाए। सनत और अनमोल ने पहले विकेट के लिए मिलकर 113 रन जोड़े और मैच को पूरी तरह से एकतरफा कर दिया। वहीं, आयुष बदोनी ने 264 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 6 चौके और 5 छक्कों की मदद से 25 गेंदों में नाबाद 66 रन बनाए।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story