न्यूज

सोफी एक्लेस्टोन ने रचा इतिहास, टी20 इंटरनेशनल में यह कारनामा करने वाली बनीं पहली इंग्लिश गेंदबाज

jantaserishta.com
21 Jun 2026 8:48 AM IST
सोफी एक्लेस्टोन ने रचा इतिहास, टी20 इंटरनेशनल में यह कारनामा करने वाली बनीं पहली इंग्लिश गेंदबाज
x
नई दिल्ली: महिला टी20 विश्व कप 2026 में इंग्लैंड का विजयी अभियान जारी है। टूर्नामेंट के 16वें मुकाबले में इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड को 38 रनों से हराया। गेंद से टीम की इस जीत की नायक सोफी एक्लेस्टोन रहीं, जिन्होंने महज 23 रन देकर 2 विकेट निकाले। एक्लेस्टोन ने टी20 इंटरनेशनल में वो मुकाम हासिल कर लिया है, जहां तक इंग्लैंड की कोई भी गेंदबाज अब तक नहीं पहुंच सकी है।
सोफी एक्लेस्टोन ने स्कॉटलैंड के खिलाफ 2 विकेट लेने के साथ ही टी20 इंटरनेशनल में अपने 150 विकेट भी पूरे किए। वह इस उपलब्धि को हासिल करने वाली इंग्लैंड की पहली गेंदबाज बनी हैं। इसके साथ ही वह 150 विकेट लेने वाली दुनिया की पांचवीं गेंदबाज भी बनी हैं। एक्लेस्टोन ने अब तक इंग्लैंड की ओर से 109 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं और वह 151 विकेट चटका चुकी हैं। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड भारतीय गेंदबाज दीप्ति शर्मा के नाम है, जिन्होंने 146 मुकाबलों में 167 विकेट निकाले हैं।
इंग्लैंड से मिले 201 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए स्कॉटलैंड की टीम 7 विकेट खोकर 162 रन ही बना सकी। स्कॉटलैंड की तरफ से सारा ब्राइस ने सर्वाधिक 34 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 3 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, डार्सी कार्टर ने 23 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 29 रन बनाए, जबकि पिप्पा स्प्राउल ने 27 रनों का योगदान दिया। एक्लेस्टोन के अलावा, इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी में लिन्से स्मिथ, चार्ली डीन, गिब्सन और फ्रेया केम्प ने एक-एक विकेट झटका।
इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और एमी जोन्स पहली ही गेंद पर पवेलियन लौटीं। वहीं, डैन व्याट भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं और 7 रन बनाकर आउट हुईं। सोफी डंकले ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में 57 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि एलिस कैप्सी ने 25 गेंदों में 40 रनों का योगदान दिया।
हीथर नाइट 19 गेंदों में 25 रन बनाने के बाद प्रियानाज चटर्जी की गेंद पर आउट हुईं। हालांकि, अंत के ओवरों में फ्रेया केम्प ( 16 गेंदों में नाबाद 39 रन) और डेनियल गिब्सन (11 गेंदों में नाबाद 30 रन) के बीच हुई 21 गेंदों में 61 रनों की आतिशी साझेदारी के दम पर इंग्लैंड 200 रनों के आंकड़े तक पहुंचने में सफल रही। यह इंग्लैंड की लगातार तीसरी जीत है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story