न्यूज

‘इंडियन आइडल’ में शत्रुघ्न सिन्हा देव आनंद के साथ जुड़ी मेंटरशिप की कहानी करेंगे शेयर

jantaserishta.com
19 Jun 2026 8:47 AM IST
‘इंडियन आइडल’ में शत्रुघ्न सिन्हा देव आनंद के साथ जुड़ी मेंटरशिप की कहानी करेंगे शेयर
x
मुंबई: म्यूजिक रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' के आने वाले एपिसोड में मशहूर एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा अपने करियर के शुरुआती दिनों की दिल को छू लेने वाली यादें और दिग्गज दिवंगत एक्टर देव आनंद के साथ अपनी मेंटरशिप की यात्रा के बारे में बातें करते नजर आएंगे।
शत्रुघ्न सिन्हा ने बताया कि उनके फिल्मी सफर की असली शुरुआत देव आनंद की वजह से हुई थी। उन्होंने कहा, "मेरी जिंदगी की शुरुआत देव साहब के साथ ही हुई थी। उन्होंने मुझे सिर्फ मौका ही नहीं दिया, बल्कि अपना आशीर्वाद भी दिया। उन्होंने अपनी फिल्म 'प्रेम पुजारी' में मुझे काम दिया था। भले ही वह छोटा रोल था, लेकिन उसी भूमिका ने मुझे पहचान दिलाई और लोगों ने मेरी खूब तारीफ की।"
उन्होंने बताया कि फिल्म में उन्हें एक पाकिस्तानी किरदार निभाना था। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, "फिल्म में 'फूलों के रंग से, दिल की कलम से' जैसा मशहूर गाना था। जब मैं उस फिल्म की शूटिंग के लिए गया और अपना संवाद बोला, तो वहां मौजूद सभी लोग तालियां बजाने लगे। मेरे लिए वह पल बेहद खास था।"
शत्रुघ्न सिन्हा ने बताया, "देव साहब मेरे पास आए और निर्देशक के सामने कहा कि किसी से प्रभावित होना अच्छी बात है, किसी से उत्साह और ऊर्जा लेना भी अच्छी बात है और सीखना भी जरूरी है, लेकिन कभी किसी की नकल मत करना। अपनी मौलिकता और पहचान हमेशा बनाए रखना।"
उन्होंने कहा कि देव आनंद की यह बात उनके दिल में हमेशा के लिए बस गई। इसके बाद उन्होंने एक और दृश्य की शूटिंग की, जिसमें उन्हें एक लंबा संवाद बोलना था। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, "जब मैंने वह शॉट पूरा किया तो सबसे ज्यादा जोरदार तालियां किसी और ने नहीं, बल्कि खुद देव आनंद ने बजाई थीं। वह कैमरे के सामने आए और पूरे दिल से मेरी हौसलाअफजाई की। उस दिन वह बेहद खुश थे।"
शत्रुघ्न सिन्हा ने यह भी खुलासा किया कि बाद में उन्होंने देव आनंद के साथ एक और फिल्म 'गैम्बलर' में काम किया, जिसमें उन्हें फिर से एक छोटा, लेकिन अहम किरदार निभाने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि देव आनंद का मार्गदर्शन और उनका विश्वास उनके करियर की सबसे बड़ी पूंजी रहा है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story