न्यूज

सिक्किम की निर्माणाधीन सुरंग में भूस्खलन में 7 लोगों की मौत की पुष्टि, बचाव अभियान जारी

jantaserishta.com
21 July 2026 8:16 AM IST
सिक्किम की निर्माणाधीन सुरंग में भूस्खलन में 7 लोगों की मौत की पुष्टि, बचाव अभियान जारी
x
गंगटोक: सिक्किम के नामची जिले के समरडुंग (झोलुंगे के पास) में निर्माणाधीन एनएचपीसी की तीस्ता स्टेज-6 की सुरंग में हुए भूस्खलन में अब तक सात लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई मजदूरों के अभी भी सुरंग के भीतर फंसे होने की आशंका है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पतालों में भेज दिया गया है। वहीं प्रशासन, राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय बचाव एजेंसियां तथा परियोजना से जुड़े विशेषज्ञ संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा मंगलवार दोपहर लगभग 3:09 बजे हुआ। यह सुरंग तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना के तहत पटेल इंजीनियरिंग द्वारा बनाई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सुरंग के भीतर अचानक भूस्खलन हो गया, जिससे सुरंग का एक हिस्सा मलबे से भर गया और कई मजदूर अंदर फंस गए। हादसे के समय सुरंग में निर्माण कार्य चल रहा था।
स्थिति उस समय और अधिक गंभीर हो गई जब सुरंग के भीतर मीथेन गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस के कारण बचाव दलों के लिए सुरंग के अंदर प्रवेश करना अत्यंत जोखिमपूर्ण हो गया है। बचाव अभियान में लगे कर्मियों को विशेष सुरक्षा उपकरणों और गैस मॉनिटरिंग प्रणाली की सहायता से धीरे-धीरे आगे बढ़ना पड़ रहा है। अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक अनुमान में लगभग 27 लोगों के सुरंग में फंसे होने की आशंका जताई गई थी। अब तक सात शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य मजदूरों की तलाश लगातार जारी है।
जिला प्रशासन ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का अभी तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। जिला कलेक्टर के अनुसार, सुरंग से सुरक्षित बाहर निकलने में सफल कुछ मजदूरों ने बताया कि हादसे से ठीक पहले उन्होंने सुरंग के भीतर विस्फोट जैसी तेज आवाज सुनी थी। इसके तुरंत बाद सुरंग के अंदर भूस्खलन हुआ और अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने में सफल मजदूर तुरंत बाहर निकल आए, लेकिन कई अन्य कर्मचारी अंदर ही फंस गए।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story