न्यूज

एनटीए के पुनर्गठन की शुरुआत, वरिष्ठ पदों पर नियुक्तियां और 16 यंग प्रोफेशनल्स की होगी भर्ती

jantaserishta.com
25 July 2026 8:28 AM IST
एनटीए के पुनर्गठन की शुरुआत, वरिष्ठ पदों पर नियुक्तियां और 16 यंग प्रोफेशनल्स की होगी भर्ती
x
नई दिल्ली: शिक्षा मंत्रालय के अधीन कार्यरत राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने संस्थागत सुधारों की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए वरिष्ठ पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही संघ लोक सेवा आयोग के प्रतिभा सेतु पोर्टल के माध्यम से 16 यंग प्रोफेशनल्स की नियुक्ति भी की जाएगी।
यह कदम प्रोफेसर के. राधाकृष्णन की अध्यक्षता वाली उच्चस्तरीय विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के अनुरूप एनटीए के पुनर्गठन की प्रक्रिया का पहला ठोस चरण माना जा रहा है। एनटीए ने तीन वर्ष की प्रारंभिक अवधि के लिए अनुबंध के आधार पर चार जनरल मैनेजर पदों के लिए विज्ञापन जारी किए हैं।
जनरल मैनेजर (असेसमेंट रिसर्च एंड डेवलपमेंट एंड साइकोमेट्रिक्स) एनटीए के शैक्षणिक और मूल्यांकन संबंधी कार्यों का नेतृत्व करेंगे। उनकी जिम्मेदारियों में प्रश्न बैंक तैयार करना, नॉर्मलाइजेशन पद्धति विकसित करना, कंप्यूटर आधारित अनुकूली परीक्षण और एआई आधारित मूल्यांकन प्रणाली पर काम करना शामिल होगा।
इस पद के लिए साइकोमेट्रिक्स, शैक्षिक मूल्यांकन, सांख्यिकी या संबंधित विषय में पीएचडी तथा कम से कम 12 वर्ष का अनुभव आवश्यक है। जनरल मैनेजर (टेस्ट सेंटर नेटवर्क एंड ऑपरेशंस) देशभर के 500 से अधिक शहरों और कुछ अंतरराष्ट्रीय केंद्रों में एनटीए के परीक्षा केंद्रों के संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
उनका कार्य परीक्षा केंद्रों की गुणवत्ता, क्षमता योजना, दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए सुविधाएं, स्वच्छता, परीक्षा दिवस प्रबंधन और राज्य व जिला प्रशासन के साथ समन्वय सुनिश्चित करना होगा। जनरल मैनेजर (इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी) एनटीए के मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे। वे एजेंसी के सभी डिजिटल सिस्टम, नेटवर्क और डेटा की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार होंगे।
उन्हें डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट 2023, आईटी एक्ट 2000 और सीईआरटी-इन के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करना होगा। साथ ही 24 घंटे संचालित होने वाले सुरक्षा संचालन केंद्र की निगरानी भी उनकी जिम्मेदारी होगी।
जनरल मैनेजर (विजिलेंस, इन्वेस्टिगेशन एंड फॉरेंसिक्स) एनटीए की आंतरिक सतर्कता, जांच और डिजिटल फॉरेंसिक गतिविधियों का नेतृत्व करेंगे। उनकी जिम्मेदारियों में परीक्षा अनियमितताओं और संदिग्ध गतिविधियों की जांच, डिजिटल फॉरेंसिक क्षमता विकसित करना तथा विभिन्न जांच एजेंसियों के साथ समन्वय शामिल होगा।
एनटीए ने यूपीएससी के प्रतिभा सेतु पोर्टल के माध्यम से 16 यंग प्रोफेशनल्स की नियुक्ति प्रक्रिया भी शुरू की है। इन पेशेवरों को परीक्षा प्रबंधन, तकनीकी सुधार, डेटा विश्लेषण और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को मजबूत बनाने में लगाया जाएगा।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story