न्यूज
एनसीआर में बारिश से मौसम सुहावना और हवा हुई साफ, अगले 4 दिन राहत के आसार
jantaserishta.com
4 May 2026 10:06 AM IST

x
नोएडा: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बीती रात से शुरू हुई बारिश का सिलसिला सोमवार 4 मई की सुबह तक लगातार जारी रहा। इस बारिश ने भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत दी है।
तेज हवाओं, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 4 मई को अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर “थंडरस्टॉर्म विद रेन” यानी गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
दोपहर और शाम के समय हल्की बारिश के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी बताई गई है। 5 मई को भी मौसम इसी तरह बना रहने की संभावना है, जहां तापमान 32 डिग्री अधिकतम और 23 डिग्री न्यूनतम रह सकता है। हालांकि इस दिन के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। 6 मई को तापमान बढ़कर 37 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम 22 डिग्री रहेगा। इस दिन आंशिक बादल छाए रहने के साथ बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।
वहीं, 7 मई को तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री रहने का अनुमान है, और मौसम आंशिक रूप से बादलों वाला रहेगा। बारिश का सबसे सकारात्मक असर वायु गुणवत्ता पर देखने को मिला है। एनसीआर के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) ‘मध्यम’ से ‘अच्छा’ श्रेणी में पहुंच गया है।
नोएडा के सेक्टर-125 में एक्यूआई 92, सेक्टर-62 में 93, सेक्टर-1 में 102 और सेक्टर-116 में 116 दर्ज किया गया। वहीं गाजियाबाद के गोविंदपुरम में एक्यूआई 151, इंदिरापुरम में 111, लोनी में 209, संजय नगर में 102, वसुंधरा में 103 और वेद विहार-लोनी में 222 दर्ज किया गया। दिल्ली के कई इलाकों में भी एक्यूआई में सुधार देखा गया है।
अलीपुर में 119, अशोक विहार में 121, आया नगर में 101, बवाना में 124 और बुराड़ी क्रॉसिंग में 127 दर्ज किया गया। वहीं कैंटोनमेंट एरिया (89), सीआरआरआई मथुरा रोड (88) और डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज (95) जैसे क्षेत्रों में एक्यूआई ‘ग्रीन जोन’ के करीब पहुंच गया, जो साफ हवा का संकेत है।
लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण वातावरण में मौजूद धूल और प्रदूषक कण साफ हो गए हैं, जिससे लोगों को पहाड़ी इलाकों जैसी ताजी और स्वच्छ हवा का अनुभव हो रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों तक एनसीआर का मौसम सुहावना बना रहेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी।
Tagsएनसीआर
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





