न्यूज
पुंछ ने बारामूला को 3-0 से हराकर जीती अंडर-14 हॉकी चैंपियनशिप
jantaserishta.com
24 Sept 2026 1:12 PM IST

x
पुंछ: जम्मू-कश्मीर के पुंछ में खेली गई केंद्रशासित प्रदेश स्तरीय अंडर-14 हॉकी चैंपियनशिप में पुंछ की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बारामूला को फाइनल में 3-0 से हराया। इस जीत के साथ ही पुंछ की अंडर-14 टीम ने खिताब को अपने नाम किया।
पुंछ का प्रदर्शन खिताबी मुकाबले में शानदार रहा। टीम ने मैच में तीन गोल दागे और बारामूला को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया। पुंछ टीम के डिफेंस ने भी पूरे मैच में दमदार प्रदर्शन किया और बारामूला को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। सरमजीत सिंह को पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाने के लिए 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया। वहीं, वह फाइनल में 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुने गए।
समरजीत ने आईएएनएस के साथ बात करते हुए कहा, "आज हमने बारामूला के खिलाफ फाइनल में जीत हासिल करते हुए खिताब को अपने नाम किया। फाइनल में मुझे 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया है। मैं अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच और टीम को देना चाहता हूं। मैं एक बात और कहना चाहता हूं कि जो लोग ड्रग्स लेते हैं वो ऐसा न करें। ड्रग्स एक तरह का नशा है और इसे छोड़कर आप ज्यादा से ज्यादा स्पोर्ट्स में आएं।"
वहीं, फिजिकल एजुकेशन मास्टर विजय कुमार ने केंद्र सरकार को इस चैंपियनशिप की मेजबानी सौंपे जाने को लेकर धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि राज्य में हॉकी का टैलेंट काफी तेजी से बढ़ रहा है। विजय कुमार ने कहा कि अंडर-14 चैंपियनशिप के समापन के बाद अब अंडर-17 टूर्नामेंट का आयोजन होगा। मैच के बारे में बात करते हुए विजय कुमार ने कहा कि बारामूला की टीम का प्रदर्शन टूर्नामेंट में शानदार रहा और उन्होंने फाइनल में भी पुंछ को कड़ी टक्कर दी लेकिन पुंछ ने बेहतर खेल दिखाते हुए खिताब को अपने नाम किया।
जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ समय में हॉकी के कई टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है, जिसका मकसद युवा खिलाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा मौका देना रहा है। जम्मू-कश्मीर को नशा मुक्त बनाने के लिए केंद्रशासित प्रदेश में विभिन्न खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि युवा नशे से दूर रहकर खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





