न्यूज

पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे, भाजपा देशभर में कार्यक्रमों की बनाएगी रूपरेखा

jantaserishta.com
21 Aug 2026 2:51 PM IST
पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे, भाजपा देशभर में कार्यक्रमों की बनाएगी रूपरेखा
x
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने के मौके पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसी सिलसिले में भाजपा शनिवार को नई दिल्ली में बैठक करेगी। बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक सफर और सार्वजनिक जीवन में उनके 25 वर्षों के योगदान को रेखांकित करने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा होगी।
जानकारी के अनुसार बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष और राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि इन कार्यक्रमों की देखरेख की जिम्मेदारी विनोद तावड़े को दी गई है। बैठक में विभिन्न राज्यों के भाजपा अध्यक्षों, संगठनात्मक महासचिवों और राज्य प्रभारियों के भी शामिल होने की उम्मीद है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और गतिविधियों के लिए विस्तृत योजना तैयार करना है। इसमें राज्यों के स्तर पर होने वाले आयोजनों के स्वरूप, उनकी अवधि, पैमाने और आपसी समन्वय को लेकर चर्चा की जाएगी।
भाजपा नेतृत्व की कोशिश है कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से जुड़े कार्यक्रम केवल पार्टी संगठन तक सीमित न रहें, बल्कि इनमें पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों की भी भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए अलग-अलग राज्यों में स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने की योजना पर विचार किया जा सकता है।
बैठक में यह भी तय किया जा सकता है कि विभिन्न राज्यों में कार्यक्रमों को एक समन्वित रणनीति के तहत किस तरह आयोजित किया जाए, ताकि देशभर में एक साथ गतिविधियां संचालित हों और उनका संदेश जमीनी स्तर तक पहुंचे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अक्टूबर 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपना कार्यकाल शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2014 में देश के प्रधानमंत्री का पद संभाला। इसके बाद 2019 और 2024 में भी भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन ने केंद्र में सरकार बनाई और नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बने।
भाजपा अब उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को एक महत्वपूर्ण पड़ाव के तौर पर देखते हुए देशभर में कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी कर रही है। पार्टी की प्रस्तावित गतिविधियों में प्रधानमंत्री के राजनीतिक सफर, प्रशासनिक अनुभव और विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों को जनता तक पहुंचाने पर जोर रहने की संभावना है।
शनिवार की बैठक में कार्यक्रमों की अंतिम रूपरेखा और राज्यों के बीच समन्वय को लेकर महत्वपूर्ण फैसले लिए जाने की उम्मीद है। पार्टी संगठन आगामी दिनों में इन कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत कार्यक्रम जारी कर सकता है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story